जबरन संबंध बनाना चाहता था प्रेमी, पति के साथ मिलकर गर्लफ्रेंड ने कर दिया कत्ल, जंगल में फेंका शव
बुलंदशहर में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। शुरुआती तौर पर यह मामला गुमशुदगी का लगा, लेकिन जब पुलिस ने जांच शुरू की तो चौंकाने वाला मामला सामने आया। दरअसल युवक की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी प्रेमिका ने पति के संग मिलकर की थी।

बुलंदशहर के जहांगीराबाद इलाके में कुछ दिन पहले झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। शुरुआती तौर पर यह मामला गुमशुदगी का लगा, लेकिन जब पुलिस ने जांच शुरू की तो सच्चाई सामने आकर सबको चौंका गई। पुलिस के मुताबिक, शव की पहचान गाजियाबाद के डासना के रहने वाले अब्दुल वाहिद के रूप में हुई। जांच पड़ताल में पता चला कि वाहिद के गाजियाबाद में रहने वाली एक महिला प्रियंका से अवैध संबंध थे। प्रेमिका अब इन संबंधों को खत्म करना चाहती थी लेकिन प्रेमी लगातार दबाव बना रहा था। इसी से आजिज होकर प्रेमिका ने पति के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया।
गाजियाबाद के वेव सिटी की सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) प्रिया श्री पाल ने आरोपियों से की गयी पूछताछ के बाद मिले सुराग के हवाले से बताया कि प्रियंका का वाहिद के साथ पहले अवैध संबंध था, लेकिन अब वह इसे जारी रखना नहीं चाहती थी, फिर भी वह (वाहिद) जोर जबरदस्ती पर आमादा था। अधिकारी के अनुसार, इसी वजह से लोहे की पाइप से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। वहीं, इस मामले में अब्दुल वाहिद के बेटे हामिद अली ने 25 जून को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के मुताबिक 28 जून को वाहिद का शव बुलंदशहर जिले में बरामद हुआ और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या के अपराध से संबंधित) और 238ए (अपराध के साक्ष्य को छिपाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद दोनों को विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वाहिद के सिर पर लोहे की पाइप से वार कर हत्या करने का अपराध कबूल लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कार से उसका शव लादकर जहांगीराबाद के जंगल में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस के समक्ष कबूल किया कि वाहिद की प्रियंका से पुरानी जान-पहचान थी और उसके साथ अवैध संबंध थे और वह (वाहिद) उसके पति की गैर-मौजूदगी में अक्सर उसके घर आता-जाता रहता था। जब अमित को अपनी पत्नी के वाहिद से कथित अवैध संबंधों के बारे में पता चला तो उसने उनके संबंधों का विरोध किया और प्रियंका को डांटा-फटकारा तथा चेतावनी दी कि भविष्य में वाहिद उसके घर न आए। प्रियंका ने वाहिद को मना किया कि वह उसके घर मिलने न आए, फिर भी वह वहां पहुंच गया।
वाहिद के घर पहुंचने पर प्रियंका ने अपने पति अमित को फोन किया, जिसने वाहिद को वापस जाने को कहा, लेकिन उसने घर से जाने के बजाय अमित से तीखी बहस शुरू कर दी। गुस्से में आकर अमित ने अपनी पत्नी से वाहिद को पीटने को कहा, जिसके बाद प्रियंका ने वाहिद के सिर पर लोहे की पाइप से वार कर दिया, जिससे उसकी वहीं मौत हो गई।




साइन इन