लड़कियों के कमरे में घुसा गर्ल्स लॉज के मालिक का लड़का, छेड़खानी से रोकने पर छात्राओं को पीटा
प्रयागराज में लॉज मालिक के बेटे पर छात्राओं से छेड़छाड़, कमरे में घुसने की कोशिश और विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगा है। छात्राओं ने बताया कि आरोपी ने बाल पकड़कर पीटा और धमकी दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया, बाद में उसे जमानत मिल गई।

प्रयागराज के शिवकुटी थाना क्षेत्र में लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही दो छात्राओं के साथ मारपीट और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि लॉज मालिक के बेटे ने देर रात कमरे में घुसने की कोशिश की और विरोध करने पर छात्राओं को बाल पकड़कर बेरहमी से पीटा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया, हालांकि बाद में उसे अदालत से जमानत मिल गई। अमेठी निवासी 27 वर्षीय छात्रा ने बताया कि वह शिवकुटी के शंकरघाट स्थित एक लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है।
छात्रों को फोन पर करता था मैसेज
छात्रा ने बताया कि हाल ही में एसएससी जूनियर असिस्टेंट परीक्षा पास की है और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया के चलते वहीं रुकी हुई थी। छात्रा का आरोप है कि लॉज मालिक का बेटा शुभम द्विवेदी पिछले करीब 10 दिनों से लगातार फोन और मैसेज कर परेशान कर रहा था। वह गंदी नीयत से उसके कमरे में आने की कोशिश करता था।पीड़िता के मुताबिक 18 मई की रात शुभम शराब के नशे में उसके कमरे के बाहर पहुंच गया और लगातार दरवाजा पीटने लगा।
कमरे में घुसकर लड़कियों से मारपीट
जब छात्रा ने दरवाजा नहीं खोला तो उसने कमरे को बाहर से बंद कर दिया। डर के कारण छात्रा ने बगल में रहने वाली दूसरी छात्रा को फोन कर अपने कमरे में बुलाया। आरोप है कि शुभम ने उस छात्रा और उसकी बहन के कमरे का दरवाजा भी बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी ने दोनों छात्राओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। छात्रा का आरोप है कि शुभम ने उनके बाल पकड़कर बेरहमी से पीटा। विरोध करने पर वह किचन से चाकू ले आया और हमला करने की कोशिश की, जिसमें दूसरी छात्रा और उसकी बहन को चोटें आईं। शोर सुनकर आरोपी की मां भी मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस के सामने दी धमकी, गिरफ्तारी के बाद जमानत मिली
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद उसने अपने चचेरे भाई को बुलाया और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस के सामने भी शुभम ने टूटे हुए ग्लास से हमला करने की कोशिश की और जान से मारने और गायब करवा देने की धमकी दी। शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि छात्रा की तहरीर के आधार पर आरोपी शुभम द्विवेदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में आरोपी को अदालत से जमानत मिल गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन