लेम्बोर्गिनी कार ने ऑटो और बुलेट में मारी टक्कर, शीशा तोड़कर निकाला गया तंबाकू व्यापारी का बेटा
कानपुर में वीआईपी रोड पर तंबाकू व्यापारी की लेम्बोर्गिनी कार ऑटो और बुलेट में टक्कर मारने के बाद फुटपाथ पर चढ़ गई। हादसे में फुटपाथ पर खड़ा युवक घायल हो गया।

कानपुर में वीआईपी रोड पर तंबाकू व्यापारी की लेम्बोर्गिनी कार ऑटो और बुलेट में टक्कर मारने के बाद फुटपाथ पर चढ़ गई। हादसे में फुटपाथ पर खड़ा युवक घायल हो गया। बुलेट सवार दो युवक भी मामूली रूप से चोटिल हुए हैं। कार चला रहे तंबाकू व्यापारी केके मिश्रा के बेटे शिवम अंदर अचेत से हो गए। दूसरी कार से पहुंचे निजी सुरक्षा गार्ड कार का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकालने लगे तो स्थानीय लोगों ने घेर लिया। इस पर स्थानीय लोगों और सुरक्षा गार्डों में धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद तंबाकू व्यापारी को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। वहीं ग्वालटोली पुलिस ने घायल युवक को उर्सला अस्पताल भिजवाया। परिजनों ने बताया कि शिवम को दौरे आते हैं। हादसा इसी वजह से हुआ है।
आर्यनगर निवासी तंबाकू व्यापारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा रविवार दोपहर लेम्बोर्गिनी कार से वीआईपी रोड से जा रहे थे। कार पर दिल्ली का नंबर लिखा था। अचानक रिंग वाला चौराहा के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़ी ऑटो और बुलेट में टक्कर मारने के बाद फुटपाथ पर चढ़ गई। फुटपाथ पर खड़ा चमनगंज निवासी तौफीक अहमद के पैर में चोट आई। साथ ही बुलेट सवार खलासी लाइन निवासी विशाल त्रिपाठी और सोनू त्रिपाठी भी मामूली रूप से चुटहिल हो गए। हादसे की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने कार को घेर लिया। इस दौरान शिवम की कार के पीछे फॉर्च्युनर कार से चल रहे उनके निजी सुरक्षा गार्डों ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा तो बाहर निकालने का प्रयास करने लगे। इस पर गार्डों और स्थानीय लोगों में धक्का-मुक्की हो गई।
तत्काल स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले तंबाकू व्यापारी के बेटे को सुरक्षा गार्डों ने कार का शीशा तोड़कर निजी अस्पताल ले गए। मौके पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस ने तौफीक को उर्सला अस्पताल भेजा। साथ ही कार ग्वालटोली थाने लाई गई। वहीं शिवम के परिवार के लोगों ने बताया कि छह माह से उन्हें दौरे आ रहे हैं। उनका इंग्लैंड से इलाज चल रहा है। अचानक दौरा पड़ने से यह हादसा हुआ है। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
थाने में कार को किया कवर
मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण पुलिस दबाने में जुट गई। पुलिस कार को ग्वालटोली थाने ले गई। थाने परिसर के अंदर कार को खड़ा कर उसे कवर कर दिया गया। आलाधिकारियों तक सूचना पहुंची तब कार से कवर हटाया गया।
12 करोड़ की कार देखने के लिए जुटी भीड़
हादसे के बाद व्यापारी की पैरवी के लिए कई सफेदपोश लोग थाने पहुंच गए। साथ ही घटना में घायल होने वाले युवक और क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों के पक्ष के लोग भी पहुंचने लगे। वहीं ग्वालटोली थाने के अंदर करीब 12 करोड़ रुपये की कीमत की कार खड़ी होने की सूचना पर स्थानीय लोगों को भीड़ जुटने लगी। छोटे बच्चे हो या युवक हर कोई कार देखने और वीडियो बनाने में जुट गया। थाने के अंदर और बाहर भारी भीड़ लगी रही। पुलिस को मजबूरन कई बार बल प्रयोग करना पड़ा।




साइन इन