ऑफिस खोलें सभी विधायक, एसआईआर का काम प्रभावित न हो, विधानमंडल दल मीटिंग में बोले सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर का काम किसी भी सूरत में प्रभावित नहीं होना चाहिए। आने वाले चुनावों के लिए यह बेहद जरूरी है। मतदाता सूची में नाम जोड़वाने, मृतकों के नाम कटवाने और मतदाताओं के वोट स्थानांतरित करवाने के लिए ज्यादा से ज्यादा फॉर्म भरवाएं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विधायकों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में जुटे रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रविवार को भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में कहा कि बजट सत्र के दौरान भी सभी विधायक अपना कार्यालय खोलें और एसआईआर का काम प्रभावित न होने दें। बैठक में दोनों उप मुख्यमंत्री, यूपी भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और एनडीए के सहयोगी दलों के विधायक भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर का काम किसी भी सूरत में प्रभावित नहीं होना चाहिए। आने वाले चुनावों के लिए यह बेहद जरूरी है। मतदाता सूची में नाम जोड़वाने, मृतकों के नाम कटवाने और मतदाताओं के वोट स्थानांतरित करवाने के लिए ज्यादा से ज्यादा फॉर्म भरवाएं। सूची में अपात्र मतदाता नहीं जुड़ने चाहिए और सभी पात्रों के नाम सूची में शामिल होने चाहिए। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को सत्र के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के भी निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमें अभी से ही अगले चुनाव की तैयारियों में जुट जाना है और इस बार भी बड़े बहुमत से सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान सभी नियमित रूप से सदन में उपस्थित रहें और पूरी तैयारी के साथ आएं। विपक्ष के सभी आरोपों का तथ्यात्मक जवाब दें। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण और बजट सही से सुनें और उसके अहम बिंदुओं पर अपनी बारी आने विचार रखें। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विधायकों को पूरी तैयारी के साथ सदन में उपस्थित रहने को कहा। उन्होंने विधायकों से कहा कि सत्र के दौरान विपक्ष कई तरह से भ्रमित करने की कोशिश करेगा, लेकिन उसे इसमें कामयाब नहीं होने देना है।
सभी विधायक करें भागीदारी
प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पार्टी पंडित दीन दयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर ‘समर्पण दिवस’ मनाएगी। इसमें सभी विधायकों की भागीदारी हो। उन्होंने कहा कि एसआईआर की महत्वपूर्ण प्रक्रिया चल रही है। संगठन के साथ विधायक भी अपने स्तर पर जुटें यह आने वाले चुनावों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
वित्त मंत्री ने बजट के अहम बिंदु किए साझा
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विधायकों के सामने बजट के अहम बिंदुओं पर बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार का जोर पहले दिन से ही विकासपरक योजनाओं की तरफ रहा है। बजट में सरकार इसी दिशा में आगे बढ़ती दिखेगी। उन्होंने कहा कि बजट पेश होने के बाद उसका सही से अध्ययन करें और उसके अहम पहलुओं को जानें। पूरी तैयारी करें और जब सदन में अपनी बात कहने का वक्त आए तो तथ्यात्मक तरह से रखें।
नहीं पहुंचे बृजभूषण
सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोक कर चर्चा में आए चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत विधानमंडल दल की बैठक में मौजूद नहीं थे। बार-बार उनके बयानों की वजह से भाजपा ने विधायक को नोटिस दी है। रविवार को विधायक दल की बैठक में सभी नजरें उन्हें तलाश रही थीं। हालांकि वह बैठक में उपस्थित नहीं थे।
कांग्रेस करेगी विरोध: आराधना मिश्रा
कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि सरकार बजट समेत किसी भी मसले पर चर्चा नहीं करवाना चाहती है। बजट पर चर्चा के लिए कम समय आवंटित किया गया है। विभागवार चर्चा के लिए कोई समय नहीं रखा गया है। कटौती के प्रस्तावों पर किसी भी तरह की चर्चा का कोई मौका विपक्ष के पास नहीं है। इसका विरोध किया जाएगा। सरकार भारी-भरकम बजट लेकर आती है। खर्च होता नहीं है। जनता परेशान है। विपक्ष इन मसलों पर बात करना चाहता है, लेकिन सरकार तैयार नहीं दिखती। वह केवल अपनी बात कहना चाहती है।




साइन इन