रिश्तों का खूनी अंत: ललितपुर में ससुर-बहू और उरई में घर से भागे सास-दामाद के मिले शव
बुंदेलखंड के ललितपुर में ससुर का शव पेड़ से लटका और बहू का शव कुएं में मिला है। वहीं उरई में हरियाणा से भागे सास-दामाद के शव नाले किनारे बरामद हुए हैं। दोनों ही मामलों में पुलिस प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद के एंगल से जांच कर रही है।

UP News: उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के भीतर रिश्तों के तार-तार होने और संदिग्ध मौतों की दो बड़ी वारदातों ने पुलिस प्रशासन को हिलाकर रख दिया है। ललितपुर के जखौरा थाना क्षेत्र और जालौन के कालपी क्षेत्र में हुई इन घटनाओं ने कई अनुत्तरित सवाल खड़े कर दिए हैं। ललितपुर में ससुर का शव पेड़ से लटकता मिला तो वहीं बहू की लाश कुएं में मिली है। वहीं, उरई में सास-दामाद का शव नाले के किनारे क्षत-विक्षत हालत में मिला है। दामाद अपनी रिश्ते की सास के साथ हरियाणा से भागा था।
ससुर का पेड़ से लटका शव, कुएं में मिली बहू की लाश
ललितपुर के जखौरा थाना क्षेत्र के ग्राम मनगुआं में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो दिन से लापता एक ही परिवार के दो सदस्यों के शव बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, 27 वर्षीय जसोदा (पत्नी शेर सिंह) पिछले दो दिनों से घर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थी। परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि रविवार सुबह उसके ससुर, 45 वर्षीय रामचरण भी घर से निकले और वापस नहीं लौटे।
ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ से रामचरण का शव तौलिए के फंदे से लटका देखा। अभी पुलिस मौके पर पहुँचकर पंचनामा भर ही रही थी कि घटनास्थल से महज एक किलोमीटर दूर एक कुएं में बहू जसोदा का शव उतराता हुआ मिला। एक ही दिन ससुर और बहू की मौत से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। थाना प्रभारी राजीव कुमार वैस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हत्या के पहलू को भी नकारा नहीं जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।
हरियाणा से भागे सास-दामाद का नाले किनारे मिला शव
दूसरी ओर, जालौन जिले के कालपी (उरई) कोतवाली क्षेत्र के लुहरगांव के पास रविवार देर शाम एक युवक और युवती के क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटनास्थल के पास एक लावारिस बाइक और सल्फास की शीशी बरामद हुई है, जिससे पुलिस इसे सामूहिक आत्महत्या मान रही है।
मृतकों की शिनाख्त होने पर जो सच सामने आया वह चौंकाने वाला था। मृतक रिश्ते में 'सास और दामाद' थे। पुलिस जांच के अनुसार, कालपी क्षेत्र का रहने वाला 40 वर्षीय युवक दिल्ली में काम करता था। उसकी पत्नी के किसी और के साथ चले जाने के बाद वह हरियाणा के मानेसर में रहने वाले अपने चचिया ससुर के घर आने-जाने लगा। इसी दौरान उसके अपनी चचिया सास के साथ अवैध संबंध बन गए। 27 मार्च को युवक अपनी चचिया सास को लेकर फरार हो गया था। परिजनों ने उनकी तलाश की लेकिन सुराग नहीं लगा। रविवार शाम दोनों के शव नाले के किनारे पड़े मिले।
जांच में जुटी पुलिस
इन दोनों ही मामलों में पुलिस 'अवैध संबंधों' और 'पारिवारिक कलह' के बिंदुओं पर जांच केंद्रित कर रही है। ललितपुर मामले में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या बहू की मौत के गम में ससुर ने जान दी या मामला कुछ और है। वहीं उरई मामले में पुलिस प्रेम प्रसंग और सामाजिक लोक-लाज के डर से की गई आत्महत्या की दिशा में साक्ष्य जुटा रही है।




साइन इन