agra agniveer bharti scam physical academy operator arrested military intelligence up news तीन लाख में अग्निवीर की नौकरी का दावा, भर्ती रैली के दौरान अकादमी का संचालक गिरफ्तार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

तीन लाख में अग्निवीर की नौकरी का दावा, भर्ती रैली के दौरान अकादमी का संचालक गिरफ्तार

आगरा में चल रही अग्निवीर भर्ती में ठगी करने वाले एक फिजिकल एकेडमी संचालक नीरेश को गिरफ्तार किया गया है। वह अभ्यर्थियों से 3 लाख रुपये में भर्ती कराने का सौदा कर रहा था। मिलिट्री इंटेलिजेंस और सदर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर उसे पकड़ा। 

Mon, 6 April 2026 09:23 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
तीन लाख में अग्निवीर की नौकरी का दावा, भर्ती रैली के दौरान अकादमी का संचालक गिरफ्तार

UP News: आगरा में एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती में रविवार को एक ठग पकड़ा गया। वह एक लाख रुपये में मेडिकल पास कराने और तीन लाख रुपये में अग्निवीर बनाने का दावा कराते हुए झांसे में लेता था। इसी को लेकर अभ्यर्थियों को फंसाने आया था। आरोपित के कब्जे से इंजेक्शन और दवाएं मिली हैं। आरोपित का मोबाइल खंगाला गया तो उसमें सेना से जुड़े कुछ फोटो मिले हैं। सदर थाने में आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

आगरा में एक से 19 अप्रैल तक अग्निवीर की भर्ती रैली आयोजित हो रही है। रैली शुरू होने से पहले ही मिलिट्री इंटेलीजेंस को सक्रिय कर दिया गया था। पहले ही यह आशंका थी कि भर्ती में दलाल सेंध लगाने का प्रयास करेंगे। अंदर तो कुछ करा नहीं पाएंगे, लेकिन बाहर अभ्यर्थियों को जाल में फंसाकर ठग जरूर लेंगे। पुलिस को भी इस वजह से अलर्ट किया गया था। मध्य प्रदेश से अभिषेक राजपूत अपने दोस्त अनुराग के साथ भर्ती में शामिल होने आया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दाहिनी आंख में बीमारी, बाईं की जांच कर लिख दी 18 दवाएं, राजधानी के KGMU का हाल

अनुराग ने रेस पास कर ली थी। अभिषेक स्टेडियम के बाहर खड़ा था। उसके पास एक व्यक्ति आया। अपना नाम नीरेश बताया। जानकारी दी कि वह आगरा का ही निवासी है। उसकी सेना में अच्छी पहुंच है। बड़े अधिकारियों से संबंध हैं। भर्ती में उसकी मदद कर सकता है। इसके बदले खर्चा करना होगा। एक लाख में मेडिकल पास करा देगा। तीन लाख में भर्ती करा देगा। भरोसा हो तो आगे बात करना। पहले भी कई लोगों को भर्ती करा चुका है।

आरोपित ने अपने मोबाइल में अभिषेक को कुछ स्क्रीन शॉट दिखाए। यह भरोसा दिलाने का प्रयास किया वह कोई ठग नहीं है। उसकी पहुंच ऊपर तक है। अभिषेक को शक होने लगा। स्टेडियम के बाहर पहले से मिलिट्री इंटेलीजेंस के लोग मौजूद थे। पिछले पांच दिन से यही नजर रखी जा रही थी कि कौन लगातार आ रहा है। बिना जान पहचान किसी से बात करने का प्रयास तो नहीं कर रहा है। शक के आधार पर आरोपित को पकड़ लिया।

अभिषेक से पूछा कि क्या बात कर रहा था। अभिषेक ने सब कुछ सच बता दिया। कहा कि उसे फंसाने का प्रयास कर रहा है। तीन लाख में भर्ती कराने का दावा कर रहा था। सूचना पर सदर थाना पुलिस भी आ गई। आरोपित को अपने साथ थाने लेकर गई। उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में ताकत के इंजेक्शन और दवाएं मिलीं। मोबाइल की जांच हुई तो कई महत्वपूर्ण सुराग मिले। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम नीरेश बताया। आरोपित नीरेश बमरौली कटारा थाना क्षेत्र के गांव मदरा का निवासी है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लुका-छिपी ने उजाड़ दीं खुशियां, बेड में छुप गई थी 2 साल की मासूम; दर्दनाक मौत
ये भी पढ़ें:परियोजनाओं में लेटलतीफी पर योगी नाराज, अफसरों को सख्त निर्देश, तय होगी जवाबदेही

फिजीकल एकेडमी चलाता है आरोपित

आरोपित से पुलिस और मिलिट्री इंटेलीजेंस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि वह बमरौली कटारा क्षेत्र में फिजिकल एकेडमी चलाता है। वहां युवाओं को सेना, पुलिस एवं अन्य आर्म्स फोर्स के लिए फिजिकल की तैयारी कराता है। युवाओं को भर्ती कराने की लिए तरह-तरह का प्रलोभन देकर ठगने की कोशिश करता है। 10 लोगों से पैसे ले लो, एक-दो का तो अपने आप हो जाता है। शेष की रकम वह धीरे-धीरे करके लौटा देता है। कोई कमजोर पड़ जाए तो उसकी रकम वापस नहीं करता।

रेस की फोटो सोशल मीडिया पर

गिरफ्तार आरोपित अपनी पहुंच ऊपर तक दिखाने के लिए अग्निवीर की रेस के दौरान आए दिन सुबह भर्ती स्थल के पास पहुंच रहा था। सदर में खड़े होकर दौड़ते हुए अभ्यर्थियों की वीडियो बनाता था। उसे फिर सोशल मीडिया पर साझा करता था। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी है कि इसके तार कहां जुड़े हैं।

डीसीपी सिटी अली अब्बास के अनुसार सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति अभ्यर्थियों को झांसा देकर ठगने की कोशिश कर रहा है। अग्निवीर में भर्ती कराने कर दावा कर रहा है। मिलिट्री इंटेलीजेंस और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया है। हर पहलू पर जांच की जा रही है। अन्य लोगों पर भी पैनी नजर बनी हुई है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।