संदिग्ध आतंकी को पुलिस की क्लीनचिट, एके-47 को बताया नकली, दारोगा सस्पेंड, सीओ हटाए गए
बिजनौर पुलिस की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां 4 महीने पहले एके-47 और ग्रेनेड दिखाने वाले संदिग्ध आतंकी आकिब खान को पुलिस ने 'खिलौना' मानकर क्लीनचिट दे दी थी। एटीएस (ATS) की लखनऊ में हुई कार्रवाई के बाद खुलासा हुआ कि उस युवक का आतंकी कनेक्शन है।

UP News: मेरठ और गौतबुद्धनगर के चार संदिग्ध आतंकियों की लखनऊ में गिरफ्तारी के बाद बिजनौर पुलिस सवालों के घेरे में आ गई है। चार महीने पहले एके-47 और ग्रेनेड के साथ वायरल वीडियो में जिस युवक को पुलिस ने क्लीनचिट दी थी एटीएस की जांच में वह संदिग्ध आतंकी निकला। दुबई में बैठे मेरठ के इस युवक का आतंकी कनेक्शन मिलने के बाद एसपी बिजनौर ने तत्कालीन थानाध्यक्ष को सस्पेंड करते हुए सीओ को भी हटा दिया है।
नांगल सोती थाना क्षेत्र के गांव सौफतपुर निवासी मैजुल की नवंबर माह में एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें वह वीडियो कॉल पर चार लोगों से बात कर रहा था। इस बातचीत के दौरान दुबई में रह रहा मेरठ का आकिब खान एके-47 और हैंड ग्रेनेड जैसा सामान दिखाता हुआ नजर आया था। इस मामले में 23 नवंबर को पुलिस ने मैजुल, आकिब खान और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एके-47 को खिलौना बताकर बच निकला था आकिब
जांच के दौरान तत्कालीन थानाध्यक्ष सत्येंद्र मलिक ने वीडियो कॉल के जरिए आकिब खान से बात की। इस दौरान आकिब ने हथियारों को खिलौना और ग्रेनेड को परफ्यूम की बोतल बताया। बताया जाता है कि उसने वीडियो कॉल पर पुलिस को ग्रेनेड खोलकर भी दिखया कि इसमें परफ्यूम है। एके-47 को उसने खिलौने वाली पिस्टल बताई। पुलिस ने उसकी बातों पर भरोसा करते हुए मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाकर उसे क्लीनचिट दे दी। हाल ही में एटीएस ने लखनऊ में मेरठ और गौतमबुद्धनगर के चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया। इनसे हुई पूछताछ में खलासा हुआ कि इनका संपर्क दुबई में बैठे आकिब खान से था। मेरठ का साकिब दुबई में बैठे आकिब खान से लगातार बात कर रहा था।
लापरवाही पर एसपी ने की कार्रवाई
एटीएस के इनपुट के बाद बिजनौर पुलिस की लापरवाही खुलकर सामने आ गई। इसके बाद एसपी अभिषेक झा ने तत्कालीन थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह मलिक को निलंबित करते हुए सीओ नजीबाबाद नितेश प्रताप सिंह को भी सर्किल से हटा दिया है।
दुबई से आकिब ने दी सफाई, आतंकियों से नहीं कनेक्शन
आतंकी मॉड्यूल और स्लीपर सेल खड़ा करने वाले जिस आकिब को एटीएस और खुफिया एजेंसियों की टीम तलाश रही है, उसने दुबई से अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर वीडियो डालकर सफाई दी है। आकिब ने वीडियो में कहा कि किसी आतंकी से कोई कनेक्शन नहीं है। बोला कि जिन लोगों को पुलिस ने पकड़ा है, उनकी जांच की जाए और उसे न फंसाया जाए।
मवाना के सठला गांव निवासी आकिब तीन साल से दुबई में रह रहा है और वहीं पर कार चलाता है। एटीएस और खुफिया एजेंसियों को आकिब की तलाश है। लखनऊ में एटीएस ने तीन अप्रैल को स्लीपर मॉड्यूल के चार संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी की है, जो देश में आतंकी गतिविधियां कर रहे थे। लखनऊ में रेलवे को निशाना बनाने की साजिश थी। एटीएस व यूपी पुलिस अधिकारियों ने खुलासा किया आकिब ने ही मुख्य आरोपी साकिब का परिचय अबू बकर से संपर्क कराया था। दूसरी ओर, आकिब अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर एक्टिव है और अपनी सफाई में दो वीडियो भी बनाकर डाली हैं।




साइन इन