kushinagar leopard terror villagers caught and released half dozen injured दहशत का पर्याय बना तेंदुआ पहले पकड़ाया फिर छोड़कर भागे लोग, लगी रही सैकड़ों की भीड़, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

दहशत का पर्याय बना तेंदुआ पहले पकड़ाया फिर छोड़कर भागे लोग, लगी रही सैकड़ों की भीड़

कुशीनगर के जटहा बाजार क्षेत्र में दो दिनों से दहशत फैला रहा हिंसक जानवर तेंदुआ निकला। शुक्रवार सुबह पूर्णहा मिश्र गांव में ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए तेंदुए को पकड़ लिया और जमीन पर दबा दिया। लेकिन तेंदुए के पलटी मारते ही लोग डरकर भाग गए। 

Fri, 8 May 2026 01:14 PMYogesh Yadav कुशीनगर, हिन्दुस्तान टीम
share
दहशत का पर्याय बना तेंदुआ पहले पकड़ाया फिर छोड़कर भागे लोग, लगी रही सैकड़ों की भीड़

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के जटहा बाजार थाना क्षेत्र और यूपी-बिहार सीमा से सटे गांवों में पिछले दो दिनों से आतंक का पर्याय बना हिंसक जानवर आखिर तेंदुआ ही निकला। शुक्रवार सुबह पूर्णहा मिश्र गांव में ग्रामीणों ने अदम्य साहस दिखाते हुए तेंदुए को घेरकर पकड़ लिया, लेकिन किस्मत ने तेंदुए का साथ दिया। जैसे ही तेंदुए ने पलटी मारी, ग्रामीण डर के मारे उसे छोड़कर भाग खड़े हुए। इस समय वन विभाग की टीम उसे जाल में फंसाने की कोशिश में जुटी है और मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा है।

आबादी के बीच घिरा तेंदुआ, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

तेंदुआ इस समय पूर्णहा मिश्र गांव की आबादी के बीच स्थित एक घर में घिर गया है। उसे देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग जुट गए हैं, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में भी दिक्कतें आ रही हैं। सूचना मिलते ही वन रेंजर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है। टीम तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए जाल और अन्य संसाधनों की मदद ले रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बैंक मोबाइल ऐप में 5.5 अरब रुपए देख पहले खुश फिर परिवार परेशान, पुलिस से गुहार

बिहार से यूपी तक मचाया आतंक, आधा दर्जन घायल

इस हिंसक जानवर ने गुरुवार दोपहर बिहार के मंझरिया क्षेत्र में दस्तक दी थी। इसके बाद यूपी-बिहार सीमा पर बांध स्थित चिरईहवा पानी टंकी के पास बाइक सवार शारीरिक शिक्षक सुनील कुमार (बिहार निवासी) पर हमला कर दिया। देर रात जटहा बाजार थाना क्षेत्र के माघी कोठिलवा गांव (धूमनगर) निवासी उमेश गिरि पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उमेश को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर रेफर किया गया है। इसके अलावा एक महिला सहित आधा दर्जन लोगों को तेंदुआ अब तक घायल कर चुका है।

ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, पर पलटी मारते ही छूटा साहस

लगातार हमलों से ग्रामीणों में भारी भय व्याप्त था। लोग रातभर लाठी-डंडों के साथ पहरा दे रहे थे। शुक्रवार सुबह पूर्णहा मिश्र गांव में लोगों ने हिम्मत दिखाकर तेंदुए को चारों तरफ से घेर लिया। कुछ साहसी ग्रामीणों ने तो तेंदुए को पकड़ भी लिया और उसे जमीन पर गिराकर दबाए रखा। लेकिन इससे पहले कि उसे बांधा जाता, तेंदुए ने जोर से पलटी मारी। अचानक हुए इस वार से ग्रामीण घबरा गए और उसे छोड़कर पीछे भाग खड़े हुए, जिसका फायदा उठाकर तेंदुआ फिर से एक घर में घुस गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इंस्टाग्राम वाली गर्लफ्रेंड निकली अपनी ही पत्नी, दुपट्टा हटते ही उतर गई इश्कबाजी
ये भी पढ़ें:प्रेमिका का गला घोंटा, चाकू मारे, फिर गड्ढे में फेंका शव,नाबालिग प्रेमी की करतूत

वन विभाग की हिदायत: सतर्क रहें ग्रामीण

फिलहाल वन विभाग और पुलिस टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही है। भीड़ को नियंत्रित करना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। वन विभाग ने क्षेत्रीय लोगों को सतर्क रहने, घरों के दरवाजे बंद रखने और तेंदुए के नजदीक न जाने की सख्त हिदायत दी है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।