एक और दूल्हे पर बारात में घुसकर जानलेवा हमला, बचाने में भाई और भांजी भी घायल
हमीरपुर के राठ में गुरुवार रात बारात लेकर जा रहे दूल्हे और उसके परिवार पर आधा दर्जन बाइकों पर सवार हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए दूल्हे के भाई और 17 वर्षीय भांजी भी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जौनपुर में बारात में घुसकर दूल्हे की गोली मारकर हत्या के बाद अब हमीरपुर में एक दूल्हे पर जानलेवा हमला किया गया है। छह बाइकों पर तमंचे और लाठियों से लैस होकर आए युवकों ने गुरुवार रात न सिर्फ दूल्हे की कार रोकी बल्कि उसे तमंचे की बट और लाठियों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान उन्होंने कार में मौजूद दूल्हे के भाई और भांजी को भी नहीं छोड़ा। हमले में दूल्हा खून से लथपथ हो गया। हमलावर जाते-जाते कार को भी क्षतिग्रस्त कर गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही दूल्हे और दुल्हन दोनों परिवारों में खलबली मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मझगवां थाना क्षेत्र के झिन्नावीरा गांव निवासी 30 वर्षीय जगदेव राजपूत ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे उसके छोटे भाई 25 वर्षीय मुन्नीलाल की बारात बांदा जिले के बबेरू थाने के इमलौर को निकली थी। कार में वह, उसका दूल्हा भाई, 17 वर्षीय भांजी रुपाली, उसकी बेटी अमृता और बेटा गगन बैठे थे। अभी वह गांव से बसेला गांव पहुंचे ही थे कि तभी स्टैंड के पास अचानक छह बाइकों पर आए हमलावरों ने कार रोक ली। जब तक वह कुछ समझ पाते हमलावरों ने तमंचे की बट और लाठियों से पीटना शुरू कर दिया।
इस हमले में दूल्हे का सिर फट गया, जबकि वह और भांजी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने कार पर भी लाठियां बरसाईं। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। घायल जगदेव राजपूत ने बताया कि दो वर्ष पहले उक्त युवकों से विवाद हो गया था। इसी रंजिश में होली पर भी इन लोगों ने उसके दूसरे छोटे भाई मूरत राजपूत को पीटा था। इस मामले की शिकायत भी थाने में की थी, पर पुलिस ने न ही मुकदमा दर्ज किया और न ही कोई कार्रवाई की। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि दूल्हे को इलाज के बाद डॉक्टरों की अनुमति से शादी के लिए रवाना कर दिया गया है। जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी की जाएगी।




साइन इन