प्लास्टिक की रस्सी से तीनों बच्चों, मूसल से पत्नी की हत्या, खुद करंट से जान दी, ऐसे हुईं मथुरा में पांच मौतें
मथुरा में एक परिवार के पांच लोगों की लाशें मिलने के पीछे की गुत्थी बेहद खौफनाक रूप से सामने आई है। तीनों बच्चों को प्लास्टिक की रस्सी से गला घोंटकर मारा गया। पत्नी की मूसल से मारकर हत्या की गई। पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद युवक ने खुद करंट लगाकर जान दी।

मथुरा के महावन से मंगलवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया। गांव खप्परपुर में पत्नी और तीन बच्चों की हत्या करने के बाद युवक ने खुद भी जान दे दी। बच्चों को प्लास्टिक की रस्सी से गला दबाकर और पत्नी को भारी वस्तु के प्रहार से मारा गया, जबकि खुद को करंट लगाकर मारा। तीन सुसाइड नोट मिले हैं। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने एक पुजारी को भी हिरासत में लिया है।
खप्परपुर निवासी 35 वर्षीय मनीष खेती करते थे और 32 वर्षीय पत्नी सीमा, आठ साल की बेटी हनी, 6 साल की प्रियांशी और दो साल के बेटे पंकज के साथ अपने मकान में रहते थे। सुबह करीब नौ बजे तक परिवार का कोई सदस्य घर से नहीं निकला तो गांव के लोगों ने आवाज लगाई। कोई हलचल नहीं होने पर मनीष के भाई जयकिशन और पुलिस को सूचना दे दी। जब तक पुलिस पहुंचती जयकिशन मकान की दीवार फांदकर अंदर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा बंद था। अंदर से कुंडी लगी हुई थी। आवाज लगाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का नजारा देख लोगों की चीख निकल गई। अंदर मनीष, उसकी पत्नी सीमा, बेटी हनी और प्रियांशी तथा बेटा पंकज के शव पड़े हुए थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को बाहर निकालकर फारेंसिंक टीम बुलाई। टीम ने मौके से नमूने इकट्ठा किए। सूचना मिलते ही एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, एसएसपी श्लोक कुमार, डीएम सीपी सिंह, एसपी देहात सुरेश चंद रावत मौके पर पहुंच गये। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ गांव के लोगों से भी बातचीत की। कोई यह नहीं बता सका कि आखिर मनीष ने यह कदम क्यों उठाया।
प्लास्टिक की रस्सी और मूसल किया बरामद
पुलिस ने मौके से प्लास्टिक की रस्सी और मूसल बरामद किया है। पुलिस का मानना है कि रस्सी से बच्चों के गले में फंदा लगाकर मारा गया और मूसल का प्रहार पत्नी सीमा के सिर पर किया गया। वह बिजली का तार भी पुलिस ने बरामद किया है, जिससे मनीष ने अपने को करंट लगाया।
मौत से पहले बनाया 48 सेकंड का वीडियो
जान देने से पहले मनीष कुमार ने 48 सेकंड का वीडियो अपने मोबाइल पर बनाया। जिसमें वह कह रहा है कि मैं मनीष कुमार, हम अपनी मर्जी से मर रहे हैं। इसमें किसी का दोष नहीं है। पुलिस किसी को भी परेशान न करे, न घर वालों को और न बाहर वालों को। हम बहुत परेशान ते अपने दुखों से। इसलिए निवेदन है कि कोई किसी को परेशान न करे। जो हमने प्लॉट बेचा है सतीश रामपुर वाले उसके जीजा लक्षमन, उससे 12 लाख 60 हजार रुपये आये हैं। बाकी के पैसे उनसे ले लें। उनका भी कोई कसूर नहीं है। हम अपने दुखों से परेशान हैं और किसी की कोई भी गलती नहीं है। सभी से हाथ जोड़कर निवेदन है, सब बढ़िया रहना।
दीवार और कागज पर सुसाइड नोट मिला
मौके पर पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। एक छोटे से कागज पर पांच लाइन लिखी गई हैं और नीचे मनीष लिखा है। इसमें लिखा है कि मैं और सीमा मर्जी से मरे हैं, किसी को परेशान न करें। नीचे लिखा है मनीष। इसके अलावा दीवार पर भी यही बात लिखी मिली।
पल-पल बदलती रही थ्योरी
शव मिलने के बाद पहले यह लगा कि जहर खाने से पांचों की मौत हुई है। बाद में बात तंत्र क्रिया की भी निकलकर आयी और पता लगा कि गांव से कुछ दूर शाहपुर हवेली पर एक मंदिर है। वहां किसी तांत्रिक के चक्कर में मनीष पड़ गया था और तंत्र क्रिया के कारण यह घटना अंजाम दी। पुलिस ने एक तांत्रिक को पूछताछ के लिए पकड़ लिया और उसे महावन थाने लेजाकर पूछताछ शुरू कर दी। तब तक पुलिस को सुसाइड नोट और वीडियो भी मिल गए। इस दौरान जांच में पता लगा कि बच्चों की हत्या प्लास्टिक की रस्सी से फंदा लगाकर और पत्नी की हत्या मूसल प्रहार से की है। सीमा के सिर से खून बह रहा था।
बेड पर पत्नी और दो बच्चे तथा चारपाई पर एक बच्ची मिली
कमरे में जब पुलिस ने प्रवेश किया तो पांचों शव तीन अलग-अलग स्थानों पर मिले। मनीष की पत्नी सीमा, बड़ी बेटी और बेटा बेड पर थे। सीमा के सिर से खून बह रहा था। छोटी बेटी चारपाई पर थी और मनीष जमीन पर मिला। उसके हाथ में बिजली के तार थे, जिससे उसने करंट लगाया था।
एसपी देहात सुरेश चंद राव के अनुसार प्रथमदृष्टया लगता है कि कोई आंतरिक कारण (घरेलू या फिर अन्य) रहा, जिसकी वजह से यह कदम उठाया गया। वीडियो में मनीष कह रहा है कि दुख नहीं बता सकते। वह क्या दुख था, जिसकी वजह से वह ऐसा कदम उठाने को मजबूर हो गया, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल यही लग रहा है कि उसने पत्नी और बच्चों की हत्या की और फिर खुद की करंट लगाकर जान दे दी।




साइन इन