kharchi na parchi sirf yogyta home minister amit shah cm yogi said to newly selected constables gave appointment letter खर्ची न पर्ची, सिर्फ योग्यता से चुने गए आप, नियुक्ति पत्र सौंप नवचयनित सिपाहियों से बोले अमित शाह, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

खर्ची न पर्ची, सिर्फ योग्यता से चुने गए आप, नियुक्ति पत्र सौंप नवचयनित सिपाहियों से बोले अमित शाह

कुल 60244 चयनित सिपाहियों को आज जॉइनिंग लेटर मिले हैं। समारोह में गृहमंत्री और सीएम ने 50 नवचयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र दिए । अन्य को समारोह स्थल पर नियुक्ति पत्र दिए गए। अमित शाह ने कहा कि आज किसी युवा को एक पैसा भी नहीं देना पड़ा।

Sun, 15 June 2025 02:19 PMAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share
खर्ची न पर्ची, सिर्फ योग्यता से चुने गए आप, नियुक्ति पत्र सौंप नवचयनित सिपाहियों से बोले अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ के डिफेंस एक्सपो मैदान में उत्तर प्रदेश पुलिस के नवचयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। सीएम योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ रहे। इस मौके पर नवचयनित सिपाहियों को शुभकामनाएं देते हुए गृह मंत्री ने उनकी नियुक्ति को प्रदेश शासन की बड़ी उपलब्धि बताया। कुल 60244 चयनित सिपाहियों को आज जॉइनिंग लेटर मिले हैं। समारोह में गृहमंत्री और सीएम ने 50 नवचयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र दिए हैं। अन्य को समारोह स्थल पर नियुक्ति पत्र दिए गए। अमित शाह ने कहा कि आज किसी युवा को एक पैसा भी नहीं देना पड़ा। न पर्ची न खर्ची, न जाति, न सिफारिश सिर्फ योग्यता के आधार पर युवाओं का चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि आज इन 60244 युवाओं के लिए सबसे शुभ दिन है। आज ये सभी लोग देश के सबसे बड़े प्रदेश के पुलिस बल का हिस्सा बनने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में कुछ साल ऐसे आए जब यहां की कानून न्यवस्था बिगड़ती गई। लेकिन, फिर समय आया और योगी आदित्यनाथ सीएम बने। आज यहां पर कानून का राज स्थापित है। गृह मंत्री ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के 3 साल बाद तक यूपी में बदलाव नहीं हुआ। योगी सरकार बनने के बाद यहां बदलाव की शुरुआत हुई और आज काफी बदलाव हो चुका है।

नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार में देश सुरक्षित हुआ है। कांग्रेस शासन में आए दिन आतंकवादी हमले होते थे। पीएम मोदी के शासन के दौरान पाकिस्तान ने 3 बार प्रयास किया। उरी में हमला किया तो सर्जिकल स्ट्राइक की गई। फिर एयर स्ट्राइक हुई। पहलगाम में हमला किया तो आपरेशन सिंदूर से हमने उनके मुख्यालय को जमीन में मिला दिया। यूपी पुलिस के 60244 चयनित सिपाहियों में 12 हजार से अधिक महिला सिपाहियों के चयन पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा कि आज इन बच्चियों के चेहरे पर मुस्कान, तेज, आत्मसंतुष्टि देखकर काफी सुकून मिला। आज आपको भरोसे के साथ कह रहे हैं जब 2047 में हमारा देश सबसे ऊपर होगा। इसमें यूपी का अहम योगदान होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हेलिकॉप्टर क्रैश में यूपी की नानी-नातिन की भी मौत, केदारनाथ से लौट रहा था परिवार

उन्होंने कहा कि आज यूपी में अपराधियों को वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं मिलता। मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 11 साल के दौरान 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए। गैस सिलिंडर, पांच लाख तक का मुफ्त इलाज, किसान को छह हजार रुपये सालाना देकर एक नया उजाला देने का काम किया है। जब नरेंद्र मोदी आए तब देश अर्थतंत्र में 11वें नंबर पर था। आज हम चौथे नंबर पर हैं। 2027 तक हमारा देश दुनिया के तीसरे नंबर का अर्थतंत्र बन जाएगा।

सीएम योगी बोले-ट्रेनिंग में जितना पसीना बहेगा, ड्यूटी पर उतना कम खून बहेगा

समारोह में सीएम योगी ने कहा कि यह भर्ती एवं नियुक्ति कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है, जब यह देश पीएम मोदी की सरकार के 11 वर्षों के सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण के तहत एक नए युग का साक्षी बन रहा है। आज का कार्यक्रम पीएम मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन का परिणाम है। पिछले आठ वर्षों में राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश के युवाओं को 8.5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देकर उदाहरण दिया है कि परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता क्या होती है। आज का कार्यक्रम इसका एक और उदाहरण है। आज शासन में हिस्सेदारी का लाभ गरीब, वंचित के साथ सभी तबके के लोगों को प्राप्त है। आबादी की दृष्टि से यूपी सबसे बड़ा राज्य है, तो चुनौतियां भी अधिक थीं। लेकिन, आठ वर्षों में बिना रुके, बिना झुके, बिना डिगे काम किया। काम करके दिखाया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अमित शाह ने सिपाही भर्ती चयनितों को दिए नियुक्ति पत्र, सीएम योगी भी रहे साथ

उन्होंने युवाओं को ट्रेनिंग में खूब मेहनत करने की सीख देते हुए कहा कि पुरानी युक्ति है कि ट्रेनिंग में जितना पसीना बहेगा, ड्यूटी पर उतना कम खून बहेगा। पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले पैसा दिए बिना किसी की चयन नहीं हो सकता था। लेकिन, आज आरक्षण की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पारर्दशिता के साथ भर्ती की गई है। हमने आठ साल में दो लाख से ज्यादा भर्ती की। आज हमने यूपी के अंदर ट्रेनिंग क्षमता की सुविधा को 60 हजार से अधिक कर दिया है। सभी युवा प्रदेश में ट्रेनिंग कर सकते हैं। आठ नए फोरेंसिक लैब बन चुकी हैं। छह पर काम चल रहा है। सभी 75 जिलों में साइबर थानों की सुविधा उपलब्ध हैं। समारोह में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।