uttarakhand helicopter crash bijnor s grandmother and granddaughter also died family had gone to visit kedarnath dham उत्तराखंड हेलिकॉप्टर क्रैश में यूपी की नानी-नातिन की भी गई जान, केदारनाथ दर्शन कर लौट रहा था परिवार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

उत्तराखंड हेलिकॉप्टर क्रैश में यूपी की नानी-नातिन की भी गई जान, केदारनाथ दर्शन कर लौट रहा था परिवार

केदारनाथ जी के दर्शन के बाद 14 जून की शाम उन्हें हेलिकाप्टर से ही गुप्तकाशी लौटना था। धर्मपाल सिंह के अनुसार शनिवार को शाम के समय जब वह हेलीपेड पर पहुंचे तो यात्रियों को दो ग्रुप में बांट दिया गया। उन्होंने कहा भी कि परिवार को एक साथ रहने दिया जाए लेकिन उन्हें अलग-अलग हेलिकॉप्टरों में रवाना किया।

Sun, 15 June 2025 01:20 PMAjay Singh वरिष्ठ संवाददाता, बिजनौर
share
उत्तराखंड हेलिकॉप्टर क्रैश में यूपी की नानी-नातिन की भी गई जान, केदारनाथ दर्शन कर लौट रहा था परिवार

Uttarakhand Helicopter Crash: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के गौरीकुंड क्षेत्र में हुए हेलिकॉप्टर हादसे में यूपी के बिजनौर की रहने वाली नानी-नातिन की भी दर्दनाक मौत हो गई। हेलिकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे, दर्दनाक हादसे में सातों लोगों की मौत हो गई। रविवार अलसुबह, यह हेलिकॉप्टर केदारनाथ रूट पर केदारनाथ धाम से गुप्तकाशी जा रहा था। यह गौरीकुंड के पास क्रैश हो गया। बिजनौर में हादसे की जानकारी मिलते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। वे केदारनाथ के लिए रवाना हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार बिजनौर के वरिष्ठ अधिवक्ता धर्मपाल सिंह अपनी पत्नी विनोद देवी (उम्र 66 वर्ष), अपने पौते ईशान और बिजनौर में रहने वाले अपने नाती गौरांश और नातिन तुष्टि के साथ 13 जून को केदारनाथ की यात्रा पर गए थे। सभी लोग नगीना से एक साथ कार से गुप्तकाशी पहुंचे। वहां से हेलिकॉप्टर में सवार होकर केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए गए।

दर्शन के बाद 14 जून की शाम उन्हें हेलिकाप्टर से ही गुप्तकाशी लौटना था। एडवोकेट धर्मपाल सिंह के अनुसार शनिवार को शाम के समय जब वह हेलीपेड पर पहुंचे तो यात्रियों को दो ग्रुप में बांट दिया गया। उन्होंने कहा भी कि परिवार को एक साथ रहने दिया जाए लेकिन कंपनी वालों ने नियमानुसार काम का वास्ता देकर उन्हें अलग-अलग हेलिकॉप्टरों में रवाना किया।

धर्मपाल सिंह ने बताया कि एक हेलिकाप्टर में कुछ अन्य यात्रियों के साथ वे, उनका पोता ईशान और नाती गौरांश थे। जबकि दूसरे हेलीकाप्टर में उनकी पत्नी विनोद देवी और नातिन तुष्टि सवार थीं। उनका हेलिकॉप्टर गुप्तकाशी समय से पहुंच गया लेकिन दूसरा हेलीकॉप्टर काफी देर तक नीचे नहीं आया। जब हेलिकॉप्टर नीचे नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू हुई।

कुछ समय बाद पता चला कि हेलिकॉप्टर गौरीकुंड और सोनप्रयाग के बीच दुघर्टनाग्रस्त हो गया है। धर्मपाल सिंह के अनुसार पहले तो उन्हें किसी ने कुछ नहीं बताया लेकिन बाद में जानकारी मिली की पॉयलट समेत सभी सात सवारों की मौत की हो गई है। इसकी घोषणा प्रशासन द्वारा की गई। हेलिकॉप्टर क्रैश में विनोद देवी और तुष्टि की मौत की खबर आते ही नगीना और बिजनौर स्थित उनके परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन केदारनाथ के लिए रवाना हो गए। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।