केशव मौर्य ने योगी को धन्यवाद दिया, कहा- फर्जी PDA की धज्जियां उड़ा दीजिए, 2027 में 17 से बड़ी जीत होगी
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने योगी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर अखिलेश यादव के 'पीडीए' को फर्जी बताते हुए उसकी धज्जियां उड़ाने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा 2017 से भी बड़ी जीत दर्ज करेगी।

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने योगी सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल को सुशासन का बेमिसाल उदाहरण बताया है। बुधवार को लोकभवन में आयोजित '9 वर्ष की उपलब्धियां' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए उन्होंने विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। मौर्य ने जनता से अपील की कि वे अखिलेश यादव के "फर्जी पीडीए" (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे की धज्जियां उड़ा दें।
2016-17 का गुंडाराज याद आता है
केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में पूर्ववर्ती सपा सरकार पर प्रहार करते हुए कहा, "मुझे 2016-17 का वह समय याद आता है जब यूपी गुंडों और माफियाओं का प्रदेश बन चुका था। अखिलेश यादव के कार्यकाल में खजाना खाली था और कानून का राज खत्म हो चुका था। उन्होंने हर जाति के साथ छल किया, जिसके कारण निवेशक उत्तर प्रदेश आने को तैयार नहीं थे।" उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं में कभी सहयोग नहीं किया।
2027 में बनेगा नया रिकॉर्ड
उप मुख्यमंत्री ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि 2017 में भाजपा और उसके सहयोगियों ने 325 सीटें जीतकर जो कीर्तिमान स्थापित किया था, उसे 2027 के विधानसभा चुनाव में तोड़ दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "2027 में 2017 से भी बड़ी विजय होगी। अखिलेश यादव 'मुंगेरी लाल के हसीन सपने' देखना बंद कर दें, क्योंकि 2047 तक प्रदेश में उनकी सरकार बनने वाली नहीं है।" उन्होंने तंज कसा कि जो लोग आज दलितों और पिछड़ों की बात कर रहे हैं, वे गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं।
उपलब्धियों का गिनाया रिपोर्ट कार्ड
केशव मौर्य ने नौ वर्षों के विकास कार्यों का ब्योरा देते हुए बताया कि यूपी के 3 करोड़ से ज्यादा किसानों को 99 हजार करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में दिए गए हैं। मुख्यमंत्री राहत कोष से बिना किसी भेदभाव के (चाहे वह सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का) हजारों करोड़ रुपये की मदद जरूरतमंदों तक पहुंचाई गई है। भाजपा सरकार ने सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि भाजपा सरकार न होती, तो अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कभी संभव नहीं हो पाता।
पश्चिम बंगाल में भी खिलेगा 'कमल'
केशव मौर्य ने केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी भाजपा की मजबूती का दावा किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की लहर है और "हम जल्द ही पश्चिम बंगाल में भी अपनी सरकार बनाएंगे।" उन्होंने अंत में दोहराया कि प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक 'विकसित भारत' के संकल्प को योगी सरकार उत्तर प्रदेश में पूरी प्रतिबद्धता के साथ जमीन पर उतार रही है।




साइन इन