राहुल-अखिलेश का पुतला फूंकने में फंसे भाजपाई, मुकदमा
Kausambi News - कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं का पुतला जलाने के मामले में भाजपा नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गंभीर धाराओं में कार्रवाई की है। भाजपा महिला मोर्चा का कहना है कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, जबकि विपक्षी दल इस पर चुटकी ले रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं का पुतला दहन करना भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को महंगा पड़ गया। कड़ा धाम थाना पुलिस ने बीजेपी महिला मोर्चा की जिला संयोजिका समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम कर लिया है। गंभीर धाराओं में एफआईआर लिखी गई है। इसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। शीतला धाम चौकी इंचार्ज रवि मौर्य की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत हुआ है। पुलिस के अनुसार, भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बिना किसी पूर्व अनुमति के रैली निकाली और राहुल गांधी व अखिलेश यादव के पुतले फूंके। प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित हुआ।
इसी के साथ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा आगजनी की आशंका जताते हुए धाराएं लगाई गई हैं। भाजपा महिला मोर्चा ने शनिवार को देवीगंज बाजार में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में विपक्ष पर महिला विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाते हुए जन आक्रोश प्रदर्शन किया था। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी व अखिलेश यादव जैसे विपक्षी नेता महिला आरक्षण को लेकर सही रुख नहीं अपनाते। देवीगंज बाजार क्षेत्र में पदयात्रा निकालकर नारेबाजी भी की गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन था। पुलिस ने अनावश्यक कार्रवाई की है।----मुकदमे ने गरमाया जिले का सियासी माहौलभाजपाइयों पर मुकदमा कायम होने के बाद जिले की सियासत एकाएक गरमा गई है। विपक्षी चुटकी ले रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर तरह-तरह की टिप्पणी की जा रही है। भाजपाई इसका जवाब दे रहे हैं। हालांकि, उनके पास कोई सटीक जवाब नहीं है। पुलिस पर कार्रवाई कराने की बात भाजपाइयों की ओर से दबी जुबान कही जा रही है। जबकि, अधिकारियों का साफ कहना है कि कानून सभी के लिए एक है।----कोट-संगठन के निर्देश पर भाजपा महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया था। पुतला भी दहन किया गया। पुलिस ने मुकदमा कायम किया है तो गलत है। शीर्ष नेतृत्व को जानकारी दे दी गई है। उनके निर्देश पर ही कोई कदम उठाया जाएगा।-धर्मराज मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष----इंटरनेट मीडिया पर पुतला दहन का वीडियो प्रसारित हुआ था। उसी आधार पर मुकदमा कायम किया गया है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।-सत्यनारायण प्रजापत, एसपी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन