आसमान से बरसी आग, पारा 41 पर पहुंचा
Kanpur News - उत्तर प्रदेश हीट वेव की चपेट में आ गया है, जिसमें तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया है। सीएसए कृषि विश्वविद्यालय के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान 42-43 डिग्री तक जा सकता है। एंटी साइक्लोनिक सिस्टम की वजह से गर्म हवाएं प्रदेश में हैं। 23 अप्रैल तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।

कानपुर, वरिष्ठ संवाददाता। उत्तर प्रदेश हीट वेव की चपेट में आ गया है। इससे यूपी में 23 अप्रैल तक राहत की संभावना नहीं है। सीएसए कृषि विश्वविद्यालय के वेदर स्टेशन पर रविवार को पारा 41 पर पहुंच गया जो सीजन का सर्वाधिक है। वजह मध्य भारत में एक एंटी साइक्लोनिक सिस्टम है जो यूपी में गर्म हवा फेंक रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 से 72 घंटों में तापमान 42 से 43 डिग्री पहुंच सकता है। अभी तक देश के मध्य राज्यों में अचानक हीट वेव आ गई थी, लेकिन अब यूपी को इसने अपनी चपेट में ले लिया है।
अभी लू की गंभीर स्थिति नहीं बनी है लेकिन तापमान इतना ज्यादा है कि जैसे आसमान से आग बरस रही हो। नमी का प्रतिशत भी बना हुआ है जिससे उमस भरी गर्मी शुरू हो गई है। शुष्क गर्मी की संभावना 21 अप्रैल से है जो पारा और चढ़ाएगी। सीएसए कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में रविवार को अधिकतम तापमान 40.9 (लगभग 41) डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। आठ अप्रैल के बाद से अब तक तापमान में निरंतर वृद्धि हो रही है। न्यूनतम पारा 20.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। लेकिन रात की राहत अब धीरे-धीरे खत्म होने वाली है। अचानक पूरे उत्तर प्रदेश में बढ़ी गर्मी की वजह एक एंटी साइक्लोनिक सिस्टम माना जा रहा है। यह एंटी साइक्लोनिक सिस्टम मध्य प्रदेश में है जहां से ऊपर की ओर गर्म हवाएं आ रही हैं। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश का दक्षिण क्षेत्र लगातार तप रहा है। बांदा में तापमान 44 और 46 के बीच बना हुआ है। झांसी का भी यही हाल है। वैसे प्रदेश के ज्यादातर जनपदों में पारा 40 के पार है। अभी इस एंटी साइक्लोनिक सिस्टम के बने रहने की संभावना है। 23 तक हीट वेव का यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। आईएमडी का कहना है कि कानपुर में 21 अप्रैल या इससे पहले तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अप्रैल के अंत तक 44 डिग्री भी पहुंच सकता है। रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच जाएगा। ऐसे में हीट वेव लगातार चलने की संभावना है। फिलहाल 23 अप्रैल तक का अलर्ट जारी किया गया है। सीएसए के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि फिलहाल आसमान साफ है जिसके चलते दिन का पारा अधिक बना हुआ है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है लेकिन तापमान में लगातार वृद्धि की संभावना है। इस वर्ष अप्रैल अपेक्षाकृत अधिक गर्म है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन