महिलाओं को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा बिल
Kanpur News - कानपुर देहात में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं की भारी भीड़ ने हिस्सा लिया। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि नारी शक्ति अब नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नारी सशक्तिकरण के महत्व पर जोर दिया गया।
कानपुर देहात,संवाददाता। अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र के माती स्थित ईको पार्क में नारी सशक्तिकरण और महिला सम्मान को समर्पित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का गुरुवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की भारी भीड़ देख गदगद राज्यमंत्री ने कहाकि अब वह दिन दूर नहीं जब नारी शक्ति नेतृत्व की बड़ी शक्ति बनेगी। कार्यक्रम से पहले माती चौराहे से ईको पार्क तक विशाल पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा का नेतृत्व राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने किया। सैकड़ों महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर ‘नारी का सम्मान, देश का स्वाभिमान’ और ‘सशक्त नारी, सशक्त भारत’ जैसे नारों के साथ पूरे जोश के साथ कदम से कदम मिलाकर मार्च किया।
सम्मेलन के शुभारंभ में राज्यमंत्री और जिलाध्यक्ष के साथ आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता और एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नारी शक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। राज्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने कहा कि यह विधेयक महिलाओं के सम्मान, अधिकार और समान भागीदारी को सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम बनेगा। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि एक महिला आईपीएस अधिकारी होने के नाते मैं मानती हूं कि नारी सशक्तिकरण सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि समाज की प्रगति का आधार है। आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही है। शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान-ये तीन स्तंभ ही सशक्त नारी की पहचान हैं। जब नारी सुरक्षित और आत्मनिर्भर होगी, तभी सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में कृष्णा गौतम, रागिनी भदौरिया, निर्मला दीक्षित, उमा द्विवेदी, सुप्रिया गुप्ता, निष्ठा शुक्ला, शिवानी शुक्ला, राखी कक्कड़, पम्मी सिंह, निर्लेप भारती, संतोषी द्विवेदी आदि रहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन