कानपुर में रोड रेज में डबल मर्डर, बाइक टकराने पर युवकों ने बाप-बेटे को मार डाला
कानपुर बाइकें टकराने को लेकर रविवार रात को हुए मामूली विवाद में पिता-पुत्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। बीच सड़क हुए डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। बाइक सवार तीन युवकों ने पहले पिता और उसके दो पुत्रों पर ताबड़तोड़ हेलमेट से वार किए।

UP News: यूपी के कानपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां किदवई नगर में बाईपास के पास बाइकें टकराने को लेकर रविवार रात को हुए मामूली विवाद में पिता-पुत्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। बीच सड़क हुए डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। बाइक सवार तीन युवकों ने पहले पिता और उसके दो पुत्रों पर ताबड़तोड़ हेलमेट से वार किए। इसी बीच अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक बेटा पीठ पर चाकू लगने से घायल हुआ है। लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। दो आरोपी फरार हैं, पुलिस जिनकी तलाश में दबिश दे रही है।
सनिगवां में सजारी के रहने वाले शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम व सत्यम के साथ किदवईनगर स्थित कनक मार्बल में काम करते हैं। रविवार रात शिवनारायण काम खत्म कर दुकान से अपने दोनों बेटों के बाइक से घर के लिए निकले थे। करीब नौ बजे बाईपास के पास वृंदावन लॉन के सामने आग चल रही अपाचे बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। सत्यम ने बताया कि इसी बात पर बाइक सवार तीन युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
पिता की छाती में घोंपा चाकू
विरोध पर दोनों ने उन पर हेलमेट से हमला शुरू कर दिया। फिर एक ने कमर से चाकू निकाल पिता शिवनारायण की छाती, भाई शिवम के पेट व उसकी पीठ में घोंप दिया। इससे दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को हैलट ले गई। यहां पिता शिवनारायण व भाई शिवम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया, एक आरोपी शिवा वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वह कानपुर देहात अकबरपुर का रहने वाला है और गिग वर्कर है। वहीं, फरार आरोपी नौबस्ता निवासी करन वर्मा और उत्सव अवस्थी हैं।
पुलिस चौकी से 200 मीटर की दूरी पर वारदात
पिता-पुत्र की हत्या नौबस्ता थाने की विराटनगर चौकी से महज 200 मीटर दूरी पर हुई। लोगों का मजमा लगा रहा और काफी देर हो-हल्ला मचता रहा। इसके बावजूद भी चौकी पुलिस को घटना की भनक तक नहीं लग सकी। इससे एक बार फिर से पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े हो गए हैं। वर्तमान में ज्यादातर चौकी पर हर समय एक-दो दरोगा और चार-पांच सिपाहियों की तैनाती रहती है इसके बाद भी इतनी बड़ी दुस्साहसिक वारदात हो गई। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस एक्टिव रहती तो इतनी बड़ी वारदात न होती।
इस मामले में पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल का कहना है कि अभी तक की जांच में यही सामने आया है कि घटना रोड रेज के विवाद में ही हुई है। रंजिश जैसी कोई बात नहीं है। एक आरोपी को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। फरार करन वर्मा ने चाकू से हमला किया था।
पुलिस का दावा, दोनों पक्षों में हुआ था विवाद
वृंदावन लॉन के पास पिता-पुत्र की चाकू घोंपकर हुई हत्या की वारदात किसी रंजिश का नतीजा नहीं है। पुलिस का दावा है कि रोडरेज को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ और तीनों आरोपियों ने पिता और दोनों पुत्रों पर हमला कर दिया। इसमें से एक आरोपी ने कमर में खुसे चाकू से तीनों पर वार कर दिए। पिता शिवनारायण की छाती, शिवम के पेट और सत्यम की पीठ में चाकू मार दी। इसमें शिवनारायण और शिवम की मौत हो गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
हमले का एक 38 सेंकड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहा कि बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट उतारा और पिता-पुत्रों पर बीच सड़क पर मारने लगा। इसके बाद किनारे ले जाकर पांच सेकंड में एक युवक ने सत्यम के सिर पर चार बार हेलमेट मारे, इस बीच पीछे से आए दूसरे युवक ने कमर में खुसी चाकू निकालकर दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।




साइन इन