Teenage girl murdered for refusing to sex with boyfriend s friend incident midnight in mirzapur up crime प्रेमी के दोस्त के साथ संबंध बनाने से इनकार पर किशोरी की हत्या, आधी रात बुलाने के बाद वारदात, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

प्रेमी के दोस्त के साथ संबंध बनाने से इनकार पर किशोरी की हत्या, आधी रात बुलाने के बाद वारदात

यूपी के मिर्जापुर में आधी रात एक किशोरी की उसके प्रेमी और दोस्त ने ही बेरहमी से हत्या कर दी। प्रेमी ने किशोरी को बुलाकर उसके साथ रेप किया। दोस्त के साथ भी संबंध बनाने का दबाव बनाया। किशोरी के इनकार पर दोनों ने मिलकर उसे मार डाला।

Mon, 25 May 2026 06:58 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
प्रेमी के दोस्त के साथ संबंध बनाने से इनकार पर किशोरी की हत्या, आधी रात बुलाने के बाद वारदात

यूपी में मिर्जापुर के पड़री क्षेत्र में प्रेमी और उसके दोस्त ने किशोरी की रेप के बाद बेरहमी से हत्या कर शव सूखे नाले में फेंक दिया। किशोरी के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। नाक, होंठ और गले पर गंभीर चोट के निशान हैं। पुलिस के अनुसार, किशोरी ने प्रेमी के दोस्त से संबंध बनाने से इनकार किया तो दोनों ने मिलकर हत्या कर दी। आधी रात भाभी के बगल में सोई किशोरी अचानक लापता हो गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

रविवार सुबह कुछ लोगों ने थाना क्षेत्र के एक गांव में सूखे नाले में किशोरी का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। जानकारी होने पर गांव की एक महिला ने शव की पहचान अपनी लापता 15 वर्षीय बेटी के रूप में की। महिला ने बताया कि शनिवार को किशोरी अपनी भाभी के साथ कमरे में सोई थी। रात लगभग 12 बजे वह कमरे से लापता हो गई। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह घर से लगभग 200 मीटर दूर उसका शव मिला।

परिजनों ने सुखनई गांव निवासी साजन उर्फ राजन पर हत्या करने का आरोप लगाया है। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि दोनों आरोपी साजन और अजय के खिलाफ दुष्कर्म के बाद हत्या करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी साजन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं देर रात एसओजी और पडरी पुलिस ने मुठभेड़ में दूसरे आरोपी अजय निवासी सुखनई को गिरफ्तार कर लिया।

पहले प्रेमी ने किया रेप, फिर दोस्त से संबंध बनाने का दबाव

पड़री थाना क्षेत्र में किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि किशोरी ने प्रेमी के दोस्त के साथ संबंध बनाने से इनकार किया तो उसकी हत्या कर दी गई। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि किशोरी को उसके प्रेमी साजन ने रात में मिलने के लिए बुलाया था। सुनसान स्थान पर ले जाकर साजन ने पहले संबंध बनाया। इसके बाद दोस्त के साथ संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। किशोरी ने विरोध किया तो दोनों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी और गला दबाकर हत्या कर दी।

मुख्य आरोपी को उसके घर से दबोचा

पुलिस ने देर शाम सुखनई गांव निवासी मुख्य आरोपी और किशोरी के प्रेमी साजन को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी साजन ने बताया कि घटना के समय मड़िहान क्षेत्र के सुखनई गांव निवासी अजय मौजूद था। साजन ने बताया कि पहले उसने संबंध बनाया था। बाद में अजय ने भी संबंध बनाने का दबाव डाला, लेकिन किशोरी ने इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।

दूसरा हत्यारोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

पुलिस ने किशोरी हत्याकांड के दूसरे हत्यारोपी अजय को देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि अजय आमघाट क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बचाव में पुलिस ने भी फायरिंग की। अजय के बाएं पैर में गोली लगी। जिससे वह जख्मी हो गया।

चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी किशोरी

किशोरी ने कक्षा आठ तक पढ़ाई की थी, जिसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। वह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटी थी। बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किशोरी के पिता आर्केस्ट्रा संचालक हैं। शनिवार रात वह देहात कोतवाली क्षेत्र के जिगनौड़ी गांव में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में गए थे। रविवार सुबह बेटी की हत्या की सूचना मिलने पर वह बदहवास हो गए और तुरंत घर पहुंचे।

बेटी का शव देखते ही बेहोश हुई मां

बेटी का शव देखते ही मां अचेत होकर गिर पड़ी। गांव की महिलाओं ने पानी के छींटे मारकर उन्हें होश में लाया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बिलखते हुए मां ने कहा कि जिस युवक ने बेटी की हत्या की है, उसे कई बार समझाया गया था, लेकिन वह नहीं माना। आखिरकार उसने उनकी बेटी को मौत के घाट उतार दिया।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।