होटल में जिस्मफरोशी का गंदा खेल, हिडन कैमरे से वीडियो बनाकर करते थे ब्लैकमेल, 5 धरे गए
कानपुर के एक होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह कमरे में हिडन कैमरे लगाकर ग्राहकों के वीडियो बना लेता था और उन्हें ब्लैकमेल करता था। पुलिस को कमरों से कैमरे भी मिले हैं।

UP News: यूपी के कानपुर में रावतपुर पुलिस ने विनायकपुर के एक होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। दो संचालक और तीन महिलाएं हैं। गिरोह कमरे में हिडन कैमरे लगाकर ग्राहकों के वीडियो बना लेता था और उन्हें ब्लैकमेल करता था। पुलिस को कमरों से कैमरे भी मिले हैं।
रावतपुर इंस्पेक्टर कमलेश राय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि विनायकपुर में दलहन बाउंड्री किनारे होटल रिद्धि पैलेस में सेक्स रैकेट चल रहा है। इस पर पुलिस ने शुक्रवार दोपहर छापेमारी की। पुलिस ने रैकेट संचालक नोनारी थाना बेला जनपद औरैया के प्रमोद गुप्ता और बर्रा निवासी अंबिका को गिरफ्तार किया। रावतपुर स्टेशन के पास रहने वाली प्रीति सिंह समेत दो महिलाओं को भी पकड़ा गया।
चार्जरनुमा कैमरे से करते रिकॉर्डिंग, मोबाइल में 50 वीडियो
होटल की छानबीन में पुलिस को कमरे में चार्जरनुमा हिडन कैमरे मिले। कैमरों से रैकेट संचालक प्रमोद और साथी वहां आने वाले ग्राहकों के अश्लील वीडियो बनाते थे। पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में कुछ ग्राहकों को इन अश्लील वीडियो का डर दिखा ब्लैकमेल करने की बात सामने आ रही है। संचालकों के मोबाइल से 50 से अधिक ग्राहकों के अश्लील वीडियो भी मिले हैं।
जरूरतमंद औरतों को झांसे में ले कराते गंदा काम
रावतपुर पुलिस ने बताया कि संचालक प्रमोद गुप्ता ने एक सप्ताह पहले इस होटल को किराये पर लिया था। इससे पहले यह लोग कल्याणपुर में देह व्यापार करा रहे थे। पुलिस की मानें तो आर्थिक तंगी से जूझ रही महिलाओं को प्रमोद और प्रीति अपना शिकार बनाते थे। ग्राहकों से वसूली गई आधी रकम को यह लोग देह व्यापार में संलिप्त महिलाओं को दे देते थे।
अंदर बना रखी थी पार्किंग, नहीं होता था शक
रावतपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि रिहायशी इलाके में देह व्यापार कराया जा रहा था। गर्मियों का फायदा उठाकर यह लोग दोपहर में ही ग्राहकों को बुलाते थे। होटल के अंदर बड़ी पार्किंग बना रखी थी, जिससे ग्राहकों की गाड़ियां सीधे अंदर जाकर खड़ी हो जाती थीं। इस कारण इलाकाई लोगों को शक नहीं होता था। वहीं पुलिस अब होटल संचालक से पूछताछ कर रही है। जल्द और खुलासे होंगे।
एक हफ्ते पहले प्रयागराज में पकड़ा गया था सैक्स रैकेट
इससे पहले 9 मई को प्रयागराज के अतरसुइया थाना क्षेत्र स्थित कल्याणी देवी क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था। ब्यूटी पार्लर की आड़ में देह व्यापार चल रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री और सेक्स संबंधी दवाएं भी बरामद हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि इलाके में किराये के एक मकान में देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर छापेमारी की गई तो मौके से मकान मालिक सुशील केसरवानी और ग्राहक आशुतोष यादव सहित चार महिलाओं को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार महिलाओं में तीन प्रयागराज और एक प्रतापगढ़ की रहने वाली बताई गई। वहीं ब्यूटी पार्लर संचालिका सरायइनायत थानाक्षेत्र में हनुमानगंज की रहने वाली है। पूछताछ में सामने आया कि मकान मालिक और ब्यूटी पार्लर संचालिका मिलकर करीब एक वर्ष से इस धंधे को चला रहे थे।




साइन इन