सियासी संग्राम तेज, सपा महिला मोर्चा ने किया सद्बुद्धि हवन
Kannauj News - कन्नौज में राजनीतिक गर्माहट फिर से बढ़ गई है। भाजपा की पूर्व मंत्री अर्चना पांडेय का पुतला जलाने के विरोध में सपा महिला मोर्चा ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हवन-पूजन कर अर्चना की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की। सपा नेत्री शशिमा सिंह ने भाजपा और केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए महिला आरक्षण बिल को राजनीतिक छलावा कहा।

जिले में सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है। भारतीय जनता पार्टी की पूर्व मंत्री व छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय द्वारा समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का पुतला फूंके जाने के विरोध में मंगलवार को सपा महिला मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया। सपा की महिला कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर एकत्रित हुईं और विरोध स्वरूप हवन-पूजन कर अर्चना पांडेय की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की। महिला कार्यकर्ताओं का कहना था कि उनके शीर्ष नेता के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई अस्वीकार्य है। कार्यक्रम के दौरान मंत्रोच्चार के साथ हवन कुंड में आहुतियां दी गईं।
सपा नेत्री शशिम सिंह ने इस मौके पर भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए महिला आरक्षण बिल को राजनीतिक छलावा करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दों पर गंभीर नहीं है और केवल चुनावी लाभ के लिए ऐसे कदम उठा रही है। सपा महिला मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि पार्टी नेतृत्व पर व्यक्तिगत हमले जारी रहे तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कन्नौज को समाजवादियों का गढ़ माना जाता है, वहां इस घटनाक्रम के बाद भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक टकराव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। इस प्रदर्शन में शशिमा सिंह दोहरे अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ, सोनम यादव, संगीता पांडेय, मीना, संजय देवी, बिट्टन देवी, रानी, उषा, रानी कटियार, सरोज यादव, गोल्डी यादव, पूजा, रीना देवी, ममता, केशरी देवी, मीरा, छुन्नी देवी, आशा देवी मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन