जीजा-साली ने कबाड़ी को फंसाया, कपड़े उतरवाकर बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर मांगे तीन लाख
मुरादाबाद जिले के मुगलपुरा थाना क्षेत्र में हनीट्रैप का मामला सामने आया है। फोन पर प्यार की बातें करने वाली युवती ने कबाड़ का काम करने वाले युवक को बहाने से बुलाया।

मुरादाबाद जिले के मुगलपुरा थाना क्षेत्र में हनीट्रैप का मामला सामने आया है। फोन पर प्यार की बातें करने वाली युवती ने कबाड़ का काम करने वाले युवक को बहाने से बुलाया। इसके बाद अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर उसके कपड़े उतरवा कर वीडियो बना ली। बाद में रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 85 हजार रुपये भी वसूल लिए। और पैसों की डिमांड करते रहे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जीजा-साली समेत 12 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना मुगलपुरा के मोहल्ला बरबलान निवासी नौशाद कबाड़ का काम करता है। नौशाद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते साल वह सुलेमान की दुकान पर कबाड़ लोहा बेचने गया था। उसी दौरान सुलेमान ने उसका मोबाइल फोन लेकर एक नंबर पर कॉल कर दी। अगले दिन उसी नंबर से नौशाद के पास कॉल आई और कॉल करने वाली ने अपना परिचय ताजपुर माफी निवासी शगुफ्ता के रूप में दिया। पीड़ित के अनुसार उसके बाद एक माह तक फोन पर प्यार की बातें करने के बाद शगुफ्ता ने उसे ताजपुर में रेहाना नाम की लड़की के घर उससे मिलवाने बुलाया। वहां रेहाना वीडियो बनाने की कोशिश करने लगी तो मोबाइल फोन छीन लिया। आरोप है कि उसी समय इल्मा, इकरा, उबैद, सुलेमान, इमरान नानू चांदबी और सय्यद आ गए। सभी ने नौशाद के साथ मारपीट की और उसके कपड़े उतरवा कर वीडियो बना ली।
झूठे मुकदमे में फंसान की धमकी दी
बाद में वीडियो वायरल करने और रेप के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 3 लाख रुपये की मांग करने लगे। आरोप है कि 18 अक्तूबर 2025 को शगुफ्ता के जीजा इमरान, सुलेमान, अनीस और पप्पी चौधरी ने नौशाद से एक बार फिर संपर्क किया और एक लाख रुपये की मांग की। पीड़ित के अनुसार अगले दिन 19 अक्तूबर 2025 को बदनामी की डर से अपनी मां अशरफ जहां व भाई अब्दुल रहमान को लेकर आरोपी सुलेमान के घर पहुंचा। वहां अन्य आरोपी भी मौजूद थे। उन सभी ने रिहाना को 85 हजार रुपये दिलवा दिए।
12 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस
आरोप लगाया कि ये सभी आरोपी इसी तरह लोगों को जाल में फंसाकर मारपीट कर उसकी वीडियो और फोटो बनाकर ब्लैकमेल करके अवैध वसूली करते हैं। मुगलपुरा एसएचओ कृष्ण कुमार राणा का कहना है कि तहरीर के आधार पर जीजा-साली समेत 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ मारपीट, ब्लैकमेलिंग, धमकी देने, रंगदारी वसूलने समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन