पांच दिन से लापता 12वीं की छात्रा से दरिंदगी के बाद हत्या, गांव में ही कुएं में मिला अर्धनग्न शव
झांसी के उल्दन क्षेत्र में 5 दिन से लापता 12वीं की छात्रा का शव अर्धनग्न अवस्था में कुएं में मिला। परिजनों ने रेप के बाद आंखें फोड़कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। उल्दन थाना क्षेत्र के निमौनी गांव में पिछले पांच दिनों से लापता 12वीं की एक छात्रा का शव मंगलवार सुबह गांव के ही एक पुराने और अनुपयोगी कुएं में मिला। छात्रा का शव अर्धनग्न अवस्था में झाड़ियों के बीच पड़ा था, जिसे देखते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या और पहचान छिपाने के लिए आंखें फोड़ने जैसा गंभीर आरोप लगाया है।
5 दिन पहले घर से हुई थी लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निमौनी गांव की रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा 2 अप्रैल को अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कहीं पता नहीं चला तो पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे जब कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने कुएं के भीतर झाड़ियों में एक शव देखा। शिनाख्त होने पर पता चला कि यह वही छात्रा है जिसकी तलाश पिछले पांच दिनों से की जा रही थी।
क्रूरता की सारी हदें पार
घटनास्थल का नजारा बेहद डरावना था। छात्रा के शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे और उसका मुंह उसी के दुपट्टे से बेरहमी से बांधा गया था। छात्रा की चाची और परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या से पहले दरिंदगी की गई है। परिजनों के अनुसार, हत्यारों ने उसकी आंखें तक फोड़ दी थीं और रस्सी से गला घोंटकर उसे कुएं में फेंक दिया। हालांकि, मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी जेपी यादव ने मुंह बंधा होने की बात से प्रारंभिक तौर पर इनकार करते हुए कहा कि दुपट्टा केवल मुंह पर लिपटा हुआ था।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच शुरू
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी प्रीति सिंह भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने कुएं के आसपास से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही इस बात की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी कि हत्या से पहले दुष्कर्म हुआ था या नहीं।
गांव में आक्रोश
इस घटना के बाद से निमौनी और आसपास के गांवों में भारी रोष और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और उन्हें फांसी की सजा देने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस कुएं में शव मिला वह वर्षों से अनुपयोगी पड़ा था, जिसका फायदा उठाकर हत्यारों ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की।




साइन इन