पुलिस थाने के सामने ज्वैलर्स की दुकान में लूटपाट, दो लाख के जेवर बटोर ले गए बदमाश
सीतापुर में बदमाशों का कहर देखने को मिला है। संदना थाने के सामने स्थित प्रियांशु ज्वैलर्स की दुकान का ताला तोड़कर नकाबपोश बदमाश दो लाख रुपये के जेवर बटोर ले गए। चोरों ने पहले 15 मिनट ताला काटने में मशक्कत की फिर 20 मिनट तक दुकान के भीतर रहे पर पुलिस को भनक तक नहीं लगी।

यूपी के सीतापुर में बदमाशों का कहर देखने को मिला है। संदना थाने के सामने स्थित प्रियांशु ज्वैलर्स की दुकान का ताला तोड़कर नकाबपोश बदमाश दो लाख रुपये के जेवर बटोर ले गए। चोरों ने पहले 15 मिनट ताला काटने में मशक्कत की फिर 20 मिनट तक दुकान के भीतर रहे पर पुलिस को भनक तक नहीं लगी। चोरों की करतूत पड़ोस में स्थित दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पीड़ित की तहरीर पर संदना पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। वहीं, आक्रोशित व्यापारियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा बड़ी संख्या में थाने पर एकजुट होकर हंगामा किया।
दुकान के सामने पहुंचे ही सीसीटीवी का तार काट दिया
संदना निवासी विमल कुमार की संदना थाने के सामने प्रियांशु ज्वैलर्स के नाम से उनकी सोने- चांदी की दुकान है। विमल के मुताबिक बुधवार देर शाम वह दुकान बंद कर घर आ गए थे। गुरुवार सुबह दुकान पहुंचे तो देखा कि ताला टूटा पड़ा था। भीतर गए तो काउंटर में रखा सामान अस्त व्यस्त था। काउंटर में रखे दो लाख रुपये कीमत के सोने- चांदी के जेवर गायब थे। बदमाशों ने दुकान के सामने पहुंचते ही सबसे पहले सीसीटीवी का तार काट दिया। जिससे उनकी फुटेज रेकार्ड न हो सके।
तार काटने के बाद एक बदमाश ताला तोड़ने लगा, जबकि उसका साथी नजर बनाए रखा कि कोई आ तो नहीं रहा है। 15 मिनट की मशक्कत के बाद ताला तोड़कर वह शटर उठाकर दुकान में घुसे। इसके बाद 20 मिनट तक दुकान के भीतर रहे। बदमाश दो लाख रुपये कीमत के जेवर बटोर ले गए। इंस्पेक्टर संदना के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।




साइन इन