महिलाओं ने तोड़ी चूड़ियां, इमामबाड़े में लगा काला झंडा
Jaunpur News - जौनपुर में मोहर्रम का चांद निकलते ही शिया समुदाय में गम का माहौल। सैयद मेहदी हसन रिजवी के इमामबाड़े में पहली मजलिस हुई। प्रशासन ने शांति समिति की बैठकें आयोजित कर समुदायों को भाईचारा बनाए रखने का आग्रह किया। कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और शांति बनाए रखने के उपायों पर चर्चा हुई।

जौनपुर, संवाददाता। मोहर्रम का चांद नजर आते ही शिया समुदाय में गम का माहौल शुरू हो गया। अशरे मोहर्रम के सिलसिले की पहली मजलिस मंगलवार देर शाम सैयद मेहदी हसन रिजवी के इमामबाड़े में हुई, जिसमें जाकिरे अहलेबैत सैयद रजा मेहदी ने खेताब किया। वहीं जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने शांति समिति की बैठकें कर लोगों से भाईचारा बनाए रखने और शासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। मोहर्रम का चांद दिखाई देते ही कस्बा गौराबादशाहपुर के बमैला मोहल्ले में शिया समुदाय के लोग गम में डूब गए।
महिलाओं ने इमाम चौक पहुंचकर अपनी चूड़ियां तोड़ीं। इमामबाड़ों पर काले झंडे लगा दिए गए और अजादारों ने काले वस्त्र धारण कर लिए। शिया समुदाय में मोहर्रम का गम दो माह आठ दिन तक मनाया जाता है। इस दौरान मोहल्ले के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। जंघई के मीरगंज थाना परिसर में थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिंदू-मुस्लिम समुदाय के धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत लोगों ने भाग लिया। थानाध्यक्ष ने जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय-सीमा, लाउडस्पीकर की अनुमति, डीजे पर प्रतिबंध तथा सोशल मीडिया पर अफवाह न फैलाने संबंधी निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। बदलापुर कोतवाली परिसर में एसडीएम रानी गरिमा जायसवाल की अध्यक्षता में शांति एवं सुरक्षा समिति की बैठक हुई। सीओ सुनीलचंद्र तिवारी और थानाध्यक्ष फूलचंद्र पांडेय ने भी लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन