janmashtami celebrated in up devotees gathered in large numbers in mathura vrindavan cm yogi will also visit यूपी में जन्माष्टमी की धूम, मथुरा-वृंदावन में उमड़े श्रद्धालु; CM योगी भी करेंगे दर्शन, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में जन्माष्टमी की धूम, मथुरा-वृंदावन में उमड़े श्रद्धालु; CM योगी भी करेंगे दर्शन

अनुमान है कि इस बार 60 लाख से अधिक श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन पहुंचेंगे। जन्माष्टमी के मद्देनजर श्रद्धालु काफी पहले से मथुरा-वृंदावन के होटलों में बुकिंग करा चुके हैं। ट्रैफिक व्यवस्था में भी बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। इसके साथ की रूट डायवर्जन भी किए गए हैं।

Sat, 16 Aug 2025 07:03 AMAjay Singh संवाददाता, मथुरा
share
यूपी में जन्माष्टमी की धूम, मथुरा-वृंदावन में उमड़े श्रद्धालु; CM योगी भी करेंगे दर्शन

भगवान श्रीकृष्ण के जन्मदिन यानी जन्माष्टमी के उत्सव की पूरे यूपी में धूम है। देश के अलग-अलग शहरों और दुनिया भर से श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन पहुंच रहे हैं। अयोध्या, काशी, प्रयागराज, गोरखपुर, गाजियाबाद, नोएडा सहित प्रदेश के तमाम शहरों में जन्माष्टमी की जोरशोर से तैयारियां की गई हैं। जानकारों का अनुमान है कि इस बार 60 लाख से अधिक श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन पहुंचेंगे। जन्माष्टमी के मद्देनजर श्रद्धालु काफी पहले से मथुरा-वृंदावन के होटलों में बुकिंग करा चुके हैं। ट्रैफिक व्यवस्था में भी बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। इसके साथ की रूट डायवर्जन भी किए गए हैं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर मुख्यमंत्री मथुरा आ सकते हैं। वह वहां दर्शन-पूजन करेंगे। सीएम योगी गोरखपुर भी जाएंगे जहां हर साल की तरह इस बार भी गोरखनाथ मंदिर में जन्माष्टमी उत्सव मनाने की तैयारियां की गई हैं।

श्रद्धालु, भगवान के दर्शन आराम से कर सकें इसके लिए मंदिरों के खुलने और बंद होने का समय भी बढ़ा दिया गया है। मथुरा में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। यह 15 से 17 अगस्त तक लागू रहेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी के इस जिले में फिर तेंदुए का आतंक, घास काटने गई किशोरी पर किया हमला

मंदिरों को रोशनी से सजाया गया

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर घरों और मंदिरों हर जगह जोर-शोर से तैयारियां की गई हैं। मंदिर प्रांगणों को विद्युत रोशनी से सजाया गया है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान दुल्हन की तरह सज चुका है। भागवत भवन की प्राचीर विद्युतीय प्रकाश से झिलमिला रही है। यहां ऑपरेशन सिंदूर की थीम कृष्ण भक्ति के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति का अहसास करा रही है। मथुरा का प्रमुख भूतेश्वर तिराहा, डीग गेट तिराहा, मसानी चौराहा, स्टेट बैंक चौराहा, नया बस स्टैंड और भूतेश्वर अंडरपास, गोवर्धन चौराहा अंडरपास, मंडी चौराहा अंडरपास, गोकुल रेस्टोरेंट अंडरपास और टाउनशिप अंडरपास के साथ-साथ होली गेट विद्युतीय प्रकाश और फसाड़ लाइटों से झिलमिला रहा है। पहली बार नगर वासियों की इतनी भव्य सजावट देखने को मिल रही है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि जन्मोत्सव पर सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए कृष्ण भक्तों की ओर से संकल्प लिया जाएगा। जन्माष्टमी के दिन श्रद्धालुओं का प्रवेश गोविन्द द्वार (गेट नं-3) से होगा। निकास मुख्य द्वार (गेट नं-1) से होगा। श्रद्धालु जन्मभूमि के लिए प्रस्थान करते समय अपने आवष्यक सामान मोबाइल फोन, कैमरा, रिमोट की रिंग, थैला, माचिस, बीड़ी, सिगरेट, तम्बाकू, चाकू, ब्लेड आदि अन्य कोई भी इलैक्ट्रोनिक सामान अपने साथ न लायें।

वृंदावन में धूमधाम से मनाया जा रहा जन्मोत्सव

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व धर्मनगरी वृंदावन के विभिन्न मंदिर-देवालयों में योगीराज श्रीकृष्णचंद्र भगवान का जन्मोत्सव उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। जग प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलोत्सव एवं नन्दोत्सव के अन्तर्गत 16 अगस्त को रात 12 बजे रसिकाचार्यों द्वारा श्रीमद्भागवतान्तर्गत श्रीकृष्ण जन्म कथा का श्रवण मंदिर चबूतरे पर कराया जाएगा। गर्भ ग्रह में प्राकट्यकाल में पंचामृत से ठाकुर जी का अभिषेक कराने के बाद पाग, पंजीरी, मेवा आदि का भोग धराकर रात में करीब दो बजे जगमोहन में सिंहासन पर विराजित प्रभु की वर्ष में मात्र इसी दिन होने वाली मंगला आरती सम्पन्न होती है। तदुपरान्त मंगल दर्शन अनवरत सुबह करीब 6 बजे तक खुले रहेंगे। वहीं ठाकुर राधादामोदर मंदिर, ठाकुर राधारमण मंदिर, रंगनाथ मंदिर, शाहजी मंदिर, राधा सनेह बिहारी मंदिर, मदन मोहन मंदिर आदि देवालयों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पति को इस हाल में देख सन्न रह गई पत्नी, आधी रात को बुलाई पुलिस; पड़ोसी भी दंग

श्री बांकेबिहारी महाराज मंदिर के प्रबंधन ने की ये अपील

ठाकुर श्री बांकेबिहारी महाराज मंदिर के प्रबंधन ने गुरुवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के दौरान मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिये सूचना जारी की है। मंदिर के प्रबंधक (प्रशासन) मुनीश शर्मा की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि 16 अगस्त को श्री कृष्ण जन्माष्टमी और 17 अगस्त को नंन्दोत्सव मनाया जायेगा। इस अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़ का आंकलन करने के बाद वृंदावन आएं। मंदिर प्रंबधन और पुलिस प्रशासन द्वारा बनाये गये एकल मार्गीय रूट चार्ट और नियमों का पालन करें।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।