यूपी के इस जिले में फिर तेंदुए का आतंक, घास काटने गई किशोरी पर किया हमला
इस दौरान अचानक झाड़ियों से निकलकर आए तेंदुए ने किशोरी पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों के शोर को सुनकर तेंदुआ भाग गया। परिजनों ने घायल किशोरी को इलाज के लिए महराजगंज के एक अस्पताल में भर्ती कराया।

यूपी के सीमावर्ती महराजगंज जिले में एक बार फिर तेंदुए का आतंक फैल गया है। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के शिवपुर रेंज के बसंतपुर में शुक्रवार की शाम घास काटने गई एक किशोरी पर तेंदुए ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। किशोरी को इलाज के लिए महराजगंज में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। वन विभाग तेंदुए की तलाश में जुट गया है। इसके साथ ही ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और जंगल की तरफ न जाने की अपील की जा रही है।
महाराजगंज के सोहगीबरवा थाना क्षेत्र के ग्राम बसही निवासिनी ममता (उम्र 14 वर्ष) पुत्री गणेश मुसहर ग्राम बसंतपुर के पास घास काटने गई थी। इस दौरान अचानक झाड़ियों से निकलकर आए तेंदुए ने उसके ऊपर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों के शोर को सुनकर तेंदुआ भाग गया। परिजनों ने घायल किशोरी को इलाज के लिए महराजगंज के एक अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों ने इस क्षेत्र में वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग की है।
रेंजर सुनील राव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मौके पर वनकर्मी पहुंच कर तेंदुए की तलाश कर रहे हैं। ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। उनसे सतर्क रहने की अपील की जा रही है। बता दें कि इसके पहले भी महाराजगंज के इस इलाके में तेंदुआ आतंक फैलाता रहा है। अब किशोरी पर हमले के बाद वन विभाग एक बार फिर अलर्ट मोड पर है। ग्रामीण भी अपने स्तर पर निगरानी कर रहे हैं।
पिछले महीने (जुलाई में) महराजगंज के घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ियार गांव और आसपास के 2 गांवों में तेंदुए की दहशत फैल गई थी। गांववालों ने खेत में घूमते हुए तेंदुए का वीडियो बनाया था। वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हुआ था। गांववालों का कहना है कि तेंदुए की वजह से दिन और रात हमेशा डर बना रहता है। लोगों को खेतों में करने के समय भी डर रहता है।




साइन इन