itni goli maro jitni pradesh ke itihaas men a rowdy celebration marks release of a rowdy from jail up police in action इतनी गोली मारो, जितनी प्रदेश के इतिहास में...मनबढ़ की जेल से रिहाई पर दबंग जश्न; ऐक्शन में यूपी पुलिस, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

इतनी गोली मारो, जितनी प्रदेश के इतिहास में...मनबढ़ की जेल से रिहाई पर दबंग जश्न; ऐक्शन में यूपी पुलिस

मनबढ़ के जेल से छूटने पर उसके साथियों ने इस तरह स्वागत किया, मानो वह कोई जंग जीतकर लौटा हो। जेल के बाहर गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे साथियों ने उसे फूल-मालाओं से लाद दिया। घर पहुंचने पर उसकी आरती उतारी गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट किया गया,

Tue, 12 May 2026 04:07 PMAjay Singh संवाददाता, गोरखपुर
share
इतनी गोली मारो, जितनी प्रदेश के इतिहास में...मनबढ़ की जेल से रिहाई पर दबंग जश्न; ऐक्शन में यूपी पुलिस

UP News : जेल से छूटे एक मनबढ़ का उसके साथियों ने इस तरह स्वागत किया, मानो वह कोई जंग जीतकर लौटा हो। जेल के बाहर गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे साथियों ने उसे फूल-मालाओं से लाद दिया, जबकि घर पहुंचने पर उसकी आरती उतारी गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट किया गया, जिसके बैकग्राउंड में डायलाग चल रहा था, “इतनी गोली मारो, जितनी प्रदेश के इतिहास में आज तक न चली हो।” वीडियो कुछ ही देर में वायरल हो गया। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

रील सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मनबढ़ अमन यादव उर्फ मक्कू यादव समेत उसके आठ साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजवा दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक काले रंग की थार और एक सफेद फॉर्च्यूनर बरामद कर दोनों वाहनों को 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया है। पुलिस ने इंस्टाग्राम पर जातीय संघर्ष और वैमनस्य फैलाने के आरोप में यह कार्रवाई की। मक्कू के अलावा गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अनुराग अग्रहरी, अन्नी कनौजिया, साहिल निषाद, राहुल राज, सक्षम राव, अमित यादव और प्रभास यादव के रूप में हुई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी : पूर्व मंत्री की एस्कॉर्ट की कार की बस से टक्कर, 4 पुलिसवाले घायल; 2 गंभीर

कैंट थाना क्षेत्र के सिंघड़िया निवासी विक्की शर्मा पर 2 दिसंबर 2025 की रात अमन यादव उर्फ मक्कू और उसके साथियों ने गोली चलाई थी। घटना वाली रात विक्की अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह से घर लौट रहे थे। घायल विक्की को एम्स में भर्ती कराया गया था। उनके भाई ने इस मामले में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें शनि उर्फ अन्नी कनौजिया, पीयूष कनौजिया, अर्जुन कनौजिया, अनुराग अग्रहरी, सैफ और अमन यादव उर्फ मक्कू यादव का नाम सामने आया था। कैंट पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

अमन यादव उर्फ मक्कू यादव 6 मई 2026 को जमानत पर जेल से रिहा हुआ। जेल से बाहर निकलते ही गेट पर मौजूद साथियों ने फूल-मालाओं के साथ उसका स्वागत किया। उसे रिसीव करने कई गाड़ियां पहुंची थीं। यहां से घर पहुंचने पर उसकी आरती भी उतारी गई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया था। वीडियो के बैकग्राउंड में धमकी भरे बोल थे। इतना ही नहीं, आरोप है कि मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने के लिए 7 मई को उसने अपने साथियों के साथ वादी को धमकाया भी था।

उधर, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस पर सवाल उठने लगे। वीडियो में शांति व्यवस्था भंग करने और जातीय संघर्ष भड़काने जैसी बातें कही गई थीं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आठों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया और सोमवार को कोर्ट में पेश करने के बाद सभी को जेल भेज दिया।

जेल के बाहर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

जेल चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी अक्सर बेमन से ड्यूटी करते हैं। उन्हें लगता है कि यहां कोई बड़ी आपराधिक घटना नहीं हो सकती। जेल प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से बाहर के हिस्से में पहले से छह सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं। अब पुलिस अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी में जुट गई है। बाहर खड़ी होने वाली गाड़ियों के नंबर प्लेट आसानी से कैमरों में कैद हो सकें, इसके लिए पुलिस ने तीन नए कैमरे लगाने के स्थान चिह्नित करने शुरू कर दिए हैं।

जेल के सामने रंगबाजी से पुलिस भी कठघरे में

मनबढ़ अमन उर्फ मक्कू यादव का वीडियो जेल के गेट से निकलने, फूल-माला पहनने और गाड़ी में बैठने तक बनाया गया है। जेल के ठीक सामने शाहपुर थाने की जेल रोड चौकी भी स्थित है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि उस दौरान चौकी की पुलिस की भूमिका क्या थी। अपने बचाव में पुलिसकर्मियों का कहना है कि जेल गेट से बाहर निकलने वाला वीडियो छोड़कर बाकी फुटेज उस स्थान का नहीं था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:योगी को जान से मारने, राम मंदिर को उड़ाने की धमकी; UP 112 के व्हाट्सऐप पर मैसेज
ये भी पढ़ें:UP में वीकेंड पर ड्रिंक एंड ड्राइव जांच शुरू, 2 दिन में धराए 2654 शराबी ड्राइवर
ये भी पढ़ें:ससुराल आया शख्स फास्ट फूड खिलाने के बहाने किशोरी घर से ले गया, खेत में किया रेप

क्या बोली पुलिस

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि पीड़ित को धमकी देने और शांति व्यवस्था भंग करने तथा जातीय संघर्ष भड़काने की आरोपितों की एक वीडियो सामने आने के बाद अमन उर्फ मक्कू और उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजवाया गया है। पूरे गिरोह पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये हैं आरोपित

अन्नी कनौजिया, निवासी कूड़ाघाट

अमन यादव, निवासी कूड़ाघाट

साहिल निषाद, निवासी कूड़ाघाट

राहुल राज, निवासी भटनी, देवरिया

सक्षम राव निवासी कूड़ाघाट

अमित यादव निवासी, कूड़ाघाट

प्रभास यादव,गोपलापुर, थाना झंगहा

अनुराग अग्रहरी, कूड़ाघाट, थाना एम्स

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।