UP Weather: यूपी में कल गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट, 50 KM/ घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा
मौसम विभाग के मुताबिक 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। मंगलवार को मुरादाबाद मंडल में मंगलवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। करीब 9:30 बजे आसमान में घने बादल छाने से अंधेरा छा गया और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया।

UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में कल यानी बुधवार को एक बार फिर मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग ने 13 मई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन/ वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक हफ्ते के दौरान अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है। वहीं इसी अवधि में न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। वहीं मंगलवार को मुरादाबाद मंडल में मंगलवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। करीब 9:30 बजे आसमान में घने बादल छाने से अंधेरा छा गया और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। इस दौरान अमरोहा में नेशनल हाईवे किनारे लगा संकेतक बोर्ड गिरने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज हवाओं और बारिश के कारण मंडलभर में सैकड़ों बिजली पोल और कई ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
अमरोहा में सुबह 9:30 बजे तेज आंधी के साथ करीब 15 मिनट बारिश हुई। डिडौली कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर गांव ढकिया चमन निवासी काशिफ और सलमान की बाइक पर हाईवे का संकेतक बोर्ड टूटकर गिर गया। दोनों घायलों को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आंधी से जिले में 136 बिजली के खंभे गिर गए और 12 ट्रांसफार्मर जल गए। शाम तक कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा।
वहीं संभल के असमोली, ऐचौड़ा कम्बोह और सिरसी क्षेत्र में आंधी से कई मकानों की दीवारें और टीनशेड गिर गए। यहां 53 बिजली के पोल टूटने और पेड़ गिरने से कई गांवों का संपर्क कट गया। सिरसी में जलभराव के कारण राहगीरों को भारी परेशानी हुई। यहां का अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मुरादाबाद में सुबह करीब आधे घंटे तक बारिश हुई। आंधी के कारण दिल्ली रोड और दौलत बाग उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में फॉल्ट होने से शहर के 15 से अधिक मोहल्लों में करीब तीन घंटे बिजली ठप रही।
देहात क्षेत्र के ठाकुरद्वारा में 55 बिजली पोल गिर गए। वहीं डिलारी में पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे आपूर्ति बाधित रही। कांठ क्षेत्र में एक मवेशी की मौत की भी खबर है। इसके अवावा रामपुर में आंधी के कारण रोशन बाग और अजीतपुर में सौर पैनल पूरी तरह ध्वस्त हो गए। शहर में सुपर मार्केट का छज्जा गिरने के साथ ही कई दुकानों के बोर्ड सड़क पर आ गिरे। शाहबाद रोड और गांधी समाधि क्षेत्र में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा।
उमस के बाद बदली फिजा
सोमवार को रात का तापमान सामान्य से डेढ़ डिग्री अधिक (26 डिग्री) होने के कारण सुबह भारी उमस महसूस की जा रही थी। सुबह 9 बजे बादलों की आवाजाही बढ़ी और बारिश के बाद मौसम खुशगवार हो गया। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को भी आंशिक बादल छाए रहने और बूंदाबांदी की संभावना जताई है।




साइन इन