If you touch his feet you will get work BJP councillors in Kanpur Municipal Corporation fiercely attacked their own पैर छुओ तो काम मिलेगा, नहीं तो दुत्कार...कानपुर में अपनी ही मेयर पर भड़के भाजपा पार्षद, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

पैर छुओ तो काम मिलेगा, नहीं तो दुत्कार...कानपुर में अपनी ही मेयर पर भड़के भाजपा पार्षद

कानपुर की मेयर प्रमिला पांडेय की अध्यक्षता में नगर निगम सदन की शुरुआत जोरदार हंगामे के साथ हुई। भाजपा पार्षद अंकित मौर्य और पवन गुप्त ने जनहित के मसलों पर जमकर हंगामा किया। अंकित ने तो यहां तक कह दिया कि पार्टी पार्षदों के साथ द्विपक्षीय व्यवहार किया जाता है।

Sat, 27 Dec 2025 10:54 AMPawan Kumar Sharma प्रमुख संवाददाता, कानपुर
share
पैर छुओ तो काम मिलेगा, नहीं तो दुत्कार...कानपुर में अपनी ही मेयर पर भड़के भाजपा पार्षद

यूपी के कानपुर में महापौर प्रमिला पांडेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को नगर निगम सदन की शुरुआत जोरदार हंगामे के साथ हुई। ग्वालटोली के भाजपा पार्षद अंकित मौर्य और अशोक नगर के भाजपा पार्षद पवन गुप्त ने जनहित के मसलों पर जमकर हंगामा किया। अंकित ने तो यहां तक कह दिया कि पार्टी पार्षदों के साथ द्विपक्षीय व्यवहार किया जाता है। जो महापौर के पैर छूता है, उसको काम मिलता है। जो पैर नहीं छूता है, उसे दुत्कारा जाता है। पार्टी के पार्षदों के विरोध करने पर अंकित ने कहा कि कुछ चापलूस पार्षदों ने अपने चहेतों से ऐसा कराया है। ताकि भ्रष्टाचार का भंडाफोड़ न हो सके। अंकित ने कहा कि 15वें वित्त आयोग का काम पिछले तीन साल से नहीं दिया गया है, प्रमाण उनके पास है। हालांकि बाद में उन्होंने यह भी कहा कि उनका भाजपा संगठन से कोई विवाद नहीं है।

उधर, सदन में जोरदार हंगामे पर मेयर ने हस्तक्षेप करते हुए चेतावनी भरे लहजे में कहा, ‘पहले सदन के प्रस्ताव पर चर्चा हो जाने दो। बीच में बोले तो हमसे बुरा कोई नहीं होगा। सदन से बाहर कराने में सोचूंगी नहीं।' हंगामे के बीच सदन में 11 प्रस्ताव पास हुए। इनमें 6500 रुपये में नामांतरण, नानाराव पार्क में होने वाले श्यामोत्सव पर वाहनों की पार्किंग निशुल्क अहम रहे। इसके बाद राष्ट्रगान शुरू कराकर सदन को समाप्त करा दिया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दूसरी शादी के बाद भी डकार रहीं थीं विधवा पेंशन, अब एक-एक पाई वसूल करेगी सरकार

भाजपा पार्षद भिड़े, सपा-कांग्रेस पार्षद मुस्कराए

भाजपा पार्षद पवन गुप्त और अंकित मौर्य ने जनता के मुद्दों पर हंगामा शुरू किया तो अगली लेन पर बैठे भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित ने चुप रहने को कहा। इस पर महापौर ने कहा कि पहले एजेंडे पर चर्चा हो जाने दो। इसके बाद नवीन पंडित, अंकित मौर्या और पंकज गुप्ता को बोलने को कहा गया। इस पर अंकित और पवन भड़क गए। महापौर से कहने लगे कि आपके आश्वासन पर यहीं अमल नहीं हो रहा है। आपस में भिड़े भाजपा पार्षदों के मसले को देख दूसरी तरफ बैठे कांग्रेस, बसपा और सपा पार्षद मुस्कराते नजर आए।

दो पार्षदों को चार बैठकों से किया सस्पेंड

सदन के बाद महापौर से कुछ भाजपा पार्षद मिलने उनके कक्ष पहुंचे और कहा कि अंकित मौर्य और पवन गुप्त पार्टी के होकर भी अनुशीासनहीनता करते हैं। पार्षद दल के नेता नवीन पंडित और अन्य की ओर से इस आशय का पत्र महापौर को दिया गया। इसमें यह भी कहा गया कि सदन की गरिमा भी तार-तार कर दी। हंगामे की वजह से अन्य पार्षद अपनी बात भी नहीं रख पाए। इस पर महापौर ने दोनों पार्षदों को भविष्य में होने वाली सदन की चार बैठकों से निलंबित कर दिया है। इसकी शिकायत क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल से भी की गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जिंदगी नर्क थी इसलिए मार डाला; नशे में पति का कत्ल करने वाली पत्नी का खुलासा

एक सप्ताह में हर वार्ड में 4-4 और सफाईकर्मी

महापौर ने सफाईकर्मियों के प्रस्ताव पर ऐलान किया कि एक सप्ताह के भीतर हर वार्ड को चार-चार और सफाईकर्मी दिए जाएंगे। इस पर कुछ पार्षद बोले कि हर बार आश्वासन दिया जाता है। महापौर ने कहा कि अबकी बार अमल होगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।