जिंदगी नर्क थी इसलिए मार डाला; नशे में पति का कत्ल करने वाली पत्नी की बातें सुनकर दंग रह गई पुलिस
कानपुर में नशे में पति की हत्या करने वाली पत्नी ने खुलासा किया है कि उसका पति शराब का लती था। रोज पीता था तो वह भी पीने लगे। जिंदगी नर्क बन गई थी। इसलिए उसकी हत्या कर दी।

पति शराब का लती था, रोज पीता था तो मैं भी पीने लगी। कमाई का एक रुपया वह घर नहीं लाता था, जिससे आए दिन हमारे बीच में झगड़ा होने लगा। इसकी वजह से जिंदगी नर्क बन गई थी। मैंने पहले से ही प्लान बना लिया था कि इसे मारकर कहीं अच्छी जिंदगी बिताऊंगी। ये बातें वीरांगना ने पुलिस को तब बताई जब उसे गिरफ्तार किया गया। उसके चेहरे पर किसी तरह का कोई पछतावा नहीं था। उसकी बात सुनकर पुलिसवाले भी दंग रह गए।
दरअसल, बिठूर के टिकरा गांव के रहने वाला 45 वर्षीय पप्पू टाइल्स-पत्थर का काम करता था। साल 2019 में उसकी शादी बांदा के तिंदवारी के तेरहींमाफी में रहने वाली वीरांगना से हुई थी। दोनों के चार वर्षीय बेटा जय है। मां बिटोला ने बताया कि बुधवार सुबह बहू पौत्र को लेकर पनकी में रहने वालीं बहनों से मिलने गई थी। बेटा काम पर गया था। शाम को बहू शराब के नशे में लौटी। इसके बाद बहू और बेटे में विवाद हो गया। करीब दो घंटे चले विवाद के दौरान बहू ने घर में रखी कुल्हाड़ी से बेटे पर कई वार किए। इससे वह लहूलुहान होकर फर्श पर गिर पड़ा। बहू ने उन लोगों को सूचना दी कि पप्पू सड़क हादसे में घायल हो गया है। वह लोग जब घर पहुंचे तो बहू फर्श पर फैला खून साफ कर रही थी। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी।
पंचायत के बाद परिवार को सुपुर्द किया गया बच्चा
मौके पर पहुंची बिठूर पुलिस ने बेटे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने धारदार हथियार से हमला होने की बात कही और हालत नाजुक होने पर हैलट रेफर कर दिया। गुरुवार तड़के बेटे की मौत हो गई। उधर, मृतक पप्पू के भाई संतोष ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। शुक्रवार को अंतिम संस्कार करने के बाद पुलिस ने संतोष को थाने बुलाया। बच्चे को कौन ले जाएगा इस पर एक घंटा पंचायत चली। अंत में जैन को संतोष के सुपुर्द कर दिया गया।
बेटे को गले लगाकर कहा- जल्द वापस आऊंगी
उधर, हिरासत में लिए जाने के बाद वीरांगना का मेडिकल कराया गया। जिसके बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पति की हत्या करने का मलाल वीरांगना के चेहरे पर नहीं दिखा। वह थाने से बाहर लाई गई। अपने ससुराल वालों को देखा लेकिन बोली कुछ नहीं। अपने बेटे को देखकर उसे पास बुलाया और गले से लगा लिया। कहा अपने चाचा के पास रहना। हमें जहां जाना है वहां जा रही हूं। पर जल्द ही आ जाऊंगी। हालांकि वह काफी समय तक चुप्पी साधे रही। पुलिस के कई सवालों का जवाब भी उसने नहीं दिया। वहीं, बिठूर इंस्पेक्टर प्रेम नारायण विश्वकर्मा ने बताया कि महिला को गांव के पास से ही गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।




साइन इन