तो होगा विध्वंस, सिद्धार्थनगर में जमकर गरजे सीएम योगी; बोले-शक्ति यदि असुरों के हाथ में गई...
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शक्ति असुरों के हाथ में आएगी तो विध्वंस होगा और देवों में आएगी तो सकारात्मक ऊर्जा से लोगों के जीवन में परिवर्तन का कारण बनेगी। डबल इंजन सरकार भी आपके जीवन में यही कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी सरकार की ओर से किए जाने वाला काम कृपा नहीं, बल्कि दायित्व-कर्तव्य है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सिद्धार्थनगर में विरोधियों पर जमकर गरजे। उन्होंने कहा कि शक्ति असुरों के हाथ में आएगी तो विध्वंस होगा और देवों में आएगी तो सकारात्मक ऊर्जा से लोगों के जीवन में परिवर्तन का कारण बनेगी। डबल इंजन सरकार भी आपके जीवन में यही कर रही है। ये बातें मुख्यमंत्री ने बुधवार को बीएसए ग्राउंड में बने पंडाल में पांच दिवसीय सिद्धार्थनगर महोत्सव का शुभारंभ करने के बाद कहीं। इस दौरान उन्होंने 1052 करोड़ रुपये की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
सीएम योगी ने कहा कि किसी सरकार की ओर से किए जाने वाला काम कृपा नहीं, बल्कि दायित्व-कर्तव्य है। जनता ने जो शक्ति दी है, उसका उपयोग जनता-जनार्दन के हित में बिना भेदभाव करके दिखाएं। उन्होंने कहा कि नीयत अच्छी होती है तो नियंता भी सहयोग करता है। उन्होंने कहा कि अब हम सभी उपद्रव से उत्सव प्रदेश की तरफ बढ़ चुके हैं। सरकार बिना भेदभाव काम कर रहे है। हमने 25 करोड़ की आबादी को परिवार मानकर विकास के अभियान को बढ़ाया है।
बीमार मानसिकता के लोगों ने पूर्वी यूपी को बना दिया था बीमार
मुख्यमंत्री ने कहा कि आठ साल पहले कोई सोचता नहीं था कि यहां भी मेडिकल कॉलेज होगा, लेकिन आज माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज का निर्माण हुआ है। यहां नर्सिंग कॉलेज भी प्रारंभ हो गया है। आज महिला छात्रावास का शिलान्यास किया है। सीएसआर फंड से एक हजार सीट वाले ऑडिटोरियम के निर्माण के कार्यक्रम को भी बढ़ाया है। सिद्धार्थनगर आकांक्षी जनपद इसलिए था, क्योंकि यहां इंफ्रास्ट्रक्चर-विकास नहीं, बल्कि बीमारी-पलायन था। बीमार मानसिकता के लोगों ने पूर्वी यूपी को बीमार बना दिया था और इसे मच्छऱ-माफिया के आगोश में ला दिया था। गरीब, दलित, अल्पसंख्यक, अतिपिछड़ी जाति के बच्चे इंसेफेलाइटिस से दम तोड़ते थे। वे हमारे लिए जाति नहीं, बल्कि यूपी के अमानत थे। इसके लिए पीएम मोदी की प्रेरणा से सरकार ने 2017 में संकल्प लिया कि एक भी बच्चा इंसेफेलाइटिस की चपेट में नहीं आएगा। डबल इंजन सरकार प्राणप्रण से लगी तो दशकों की बीमारी को कुछ ही वर्षों में समाप्त हो गई। आज कोई बच्चा इस बीमारी से दम नहीं तोड़ता। यह हमारे लिए वह वोटबैंक नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा है। बच्चों की सुरक्षा सरकार का कर्तव्य था, हमने उस उत्तरदायित्व को निभाया।
विकास का नया कॉरिडोर बनने जा रहा गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर जनपद की तीन विधानसभा क्षेत्र इटवा, डुमरियागंज व बांसी को टच करते हुए विकास का नया कॉरिडोर बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिपरहवा से 125 वर्ष पहले भगवान बुद्ध के अवशेष इंग्लैंड पहुंचा दिए गए थे। ताइवान में नीलामी हो रही थी। सांसद ने प्रयास किया, हमने पत्र लिखा। अब सरकार कपिलवस्तु में विपश्यना का केंद्र बना रही है। वहां डारमेट्री व अन्य विकास कार्य हो रहे हैं। नेपाल मित्र राष्ट्र है। कनेक्टिविटी हमारी उबड़-खाबड़ थी, लेकिन हमने इंटर स्टेट व अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को फोरलेन में बदला। सिद्धार्थनगर की कनेक्टिविटी को भी फोरलेन के साथ बढ़ा रहे हैं। खलीलाबाद से बहराइच होते हुए जो रेल लाइन जा रही है, यह 80 किमी सिद्धार्थनगर जनपद से जा रही है, जो निवेश लाएगी।
ये रहे मौजूद
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, प्रभारी मंत्री अनिल राजभर, सांसद जगदंबिका पाल, विधायक श्यामधनी राही आदि मौजूद रहे।




साइन इन