उपद्रवियों-दंगाइयों के सरपरस्त...CM योगी का गोरखपुर से विरोधियों पर बड़ा हमला; जानें क्या बोले
CM योगी ने कहा कि यूपी की नई पहचान को जातिवादी और परिवारवादी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। ये वही हैं जो उपद्रवियों-दंगाइयों के सरपरस्त थे। मंगलवार को गोरखपुर में 96.50 करोड़ रुपये की लागत से बने खजांची चौराहा फ्लाईओवर और 152.19 करोड़ रुपये की लागत से बने बरगदवा-नकहा रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश बीमारू से अब ब्रेकथ्रू राज्य की पहचान बना चुका है। प्रदेश की इस नई पहचान को जातिवादी और परिवारवादी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। ये वही जातिवादी और परिवारवादी हैं जो उपद्रवियों-दंगाइयों के सरपरस्त थे। योगी, मंगलवार को 96.50 करोड़ रुपये की लागत से बने खजांची चौराहा फ्लाईओवर और 152.19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बरगदवा-नकहा रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने पहले खजांची चौराहे के पास फ्लाईओवर का लोकार्पण किया, इसके बाद वह बरगदवा-नकहा रेल ओवरब्रिज पहुंचे और इसे को जनता को समर्पित किया।
रेल ओवरब्रिज के पास आयोजित लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश, उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बन गया है। सुदृढ़ कानून व्यवस्था से यहां दंगाई बिल में घुस चुके हैं। जो रह गए थे, उनका नाक रगड़वाकर प्रदेश को दंगामुक्त कर दिया गया है। इससे दंगाइयों के जितने सरपरस्त और हमदर्द थे वे सब परेशान हो गए हैं, क्योंकि उनकी आजीविका पर बुरा असर पड़ गया है। उन्होंने कहा कि विकास प्रक्रिया से परेशान जातिवादी, परिवारवादी लोगों ने अव्यवस्था पैदा करने का प्रयास किया। दंगाइयों के आका उन्हें पीछे से धकियाते थे कि उपद्रव करो। पर, उपद्रव करने वाले जानते हैं कि प्रदेश सरकार उपद्रव की हरकतों पर कैसा व्यवहार करती है।
2017 के पहले यूपी में था भय का माहौल
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले राज्य में भय, आतंक, उपद्रव था। अराजकता थी, बीमारी थी, दंगे थे। न बेटी सुरक्षित थी और न ही व्यापारी। जनता जानती है कि इसके जिम्मेदार कौन लोग थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे वही लोग थे जो जाति की राजनीति करते थे। जाति के नाम पर सिर्फ अपने परिवार की बात करते थे। नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ करते थे। उन्हीं लोगों ने प्रदेश और यहां के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2017 के बाद का उत्तर प्रदेश समस्या के समाधान की बात करता है। सीएम ने कहा कि आने वाली पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए विकास यात्रा को अनवरत जारी रखना और सुरक्षा के माहौल को मजबूत रखना आवश्यक है।
निवेश की बहार, नौकरी की गारंटी
योगी ने कहा कि सुरक्षा के बेहतर माहौल और अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर देकर डबल इंजन सरकार निवेश की बहार लाई है। स्केल को स्किलिंग में बदलकर युवाओं को उनके क्षेत्र में ही रोजगार व नौकरी दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव, डेढ़ करोड़ नौजवानों को रोजगार की गारंटी के दस्तावेज हैं।
अब विकास किसी एक क्षेत्र में किसी परिवार की विरासत नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब विकास किसी एक क्षेत्र में किसी परिवार की विरासत बनकर नहीं रहेगा। हर क्षेत्र, हर जिले का विकास होगा। गोरखपुर जैसा इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास लखनऊ, प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी नजर आएगा। योगी ने बताया कि पहले प्रयागराज के माघ मेला में 10 से 15 लाख की संख्या में कल्पवासी जाते थे। डबल इंजन सरकार में सुरक्षा और सुविधा की गारंटी मिली तो इस बार प्रयागराज में मौनी अमावस्या पर साढ़े चार करोड़ तथा वसंत पंचमी पर साढ़े तीन करोड़ श्रद्धालुओं ने पावन त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाई।




साइन इन