IAS से इस्तीफा देने के बाद रिंकू सिंह का नया कदम, एसोसिएशन से बाहर होने का मांगा रास्ता
इस्तीफा देने वाले रिंकू सिंह ने आईएएस एसोसिएशन को भी पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि मैं अत्यंत विनम्रतापूर्वक यह मार्गदर्शन चाहता हूं कि मेरी इस प्रार्थना के विचाराधीन रहते हुए, त्यागपत्र देकर सामाज कल्याण विभाग में अपने पूर्व कनिष्ठ पद पर पुनः कार्यभार ग्रहण करने की इच्छा व्यक्त की है।

UP News: इस्तीफा देने वाले रिंकू सिंह ने आईएएस एसोसिएशन को भी पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि मैं अत्यंत विनम्रतापूर्वक यह मार्गदर्शन चाहता हूं कि मेरी इस प्रार्थना के विचाराधीन रहते हुए, जिसमें मैंने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस ) से त्यागपत्र देकर सामाज कल्याण विभाग में अपने पूर्व कनिष्ठ पद पर पुनः कार्यभार ग्रहण करने की इच्छा व्यक्त की है। मुझे आईएएस एसोसिएशन से निष्कासन प्राप्त करने की प्रक्रिया क्या है।
रिंकू सिंह ने अपने पत्र में आगे लिखा कि यह अनुरोध मैं इस कारण कर रहा हूं कि एसोसिएशन द्वारा मेरे जैसे कनिष्ठ अधिकारियों के नैतिक एवं कर्तव्यनिष्ठ चिंताओं के प्रति लगातार उदासीनता प्रदर्शित की गई है, जो संस्थागत विवेक के क्रमिक क्षरण को दर्शाती है तथा उस संवैधानिक नैतिकता को कमजोर करती है जिसे यह सेवा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। इसका मनोबल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, विशेषकर उन अधिकारियों पर जो निकट भविष्य में इस सेवा में प्रवेश करने वाले हैं।
2023 बैच के अफसर हैं रिंकू सिंह
बता दें कि यूपी कॉडर के 2023 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने काम न मिलने से नाराज होकर मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफा राष्ट्रपति को भेजा है और इसकी प्रति मुख्य सचिव, अध्यक्ष राजस्व परिषद के साथ प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक को भेजी है। रिंकू सिंह मौजूदा समय राजस्व परिषद में संबद्ध हैं। वह अलीगढ़ के रहने वाले हैं और बीटेक एमए हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से अपनी पूर्ववर्ती सेवा में समाज कल्याण विभाग में भेजने का अनुरोध किया है।
बिना काम के वेतन लेना अच्छा नहीं
आईएएस रिंकू सिंह ने इस्तीफे की बात स्वीकारी है। उन्होंने कहा है कि बिना काम के वेतन लेना उन्हें अच्छा नहीं लगता है। उन्होंने 29 सितंबर 2025 और 27 दिसंबर 2025 को बिना काम के वेतन लेने से इनकार करते हुए इसे वापस लेने के लिए राजस्व परिषद के अध्यक्ष और आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद को पत्र लिखा था। वह यह भी कहते हैं कि उनके बार-बार कहने के बाद भी उन्हें काम आवंटित नहीं किया गया। उनके अधीनस्थ भी उन्हें सहयोग नहीं कर रहे थे। उन्होंने इसीलिए आईएएस पद से इस्तीफा देने और पूर्व की सेवा में भेजने का अनुरोध किया है। रिंकू सिंह इससे पहले समाज कल्याण अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।




साइन इन