आतंकवादी का ठप्पा फ्री में नहीं खाऊंगा, सबक सिखाऊंगा; आकिब का नया वीडियो वायरल
आतंकी गतिविधियों के नेटवर्क से जुड़े होने के आरोपों के बीच आकिब खान का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह धमकी भरे लहजे में बात करता दिख रहा है। कह रहा है कि वह आतंकवादी का ठप्पा फ्री में नहीं खाएगा और उस पर ऐसे आरोप लगाए गए तो वह सबक सिखाएगा।

आतंकी गतिविधियों के नेटवर्क से जुड़े होने के आरोपों के बीच मेरठ निवासी आकिब खान का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह धमकी भरे लहजे में बात करता दिख रहा है। वीडियो में आकिब कह रहा है कि वह आतंकवादी का ठप्पा फ्री में नहीं खाएगा और उस पर ऐसे आरोप लगाए गए तो वह सबक सिखाएगा। वह यह भी कहता है कि अगर उसे आतंकवादी बनाया तो वह उसका अच्छे से स्वागत करेगा। सब लोग जानते हैं मैं कैसे स्वागत करता हूं।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी आकिब कई वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताता रहा है, लेकिन इस नए वीडियो में उसका लहजा पहले से अधिक आक्रामक दिखाई दे रहा है। सूत्रों के अनुसार, वह फिलहाल विदेश में बैठकर सोशल मीडिया के माध्यम से सक्रिय है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और खुफिया एजेंसियां वीडियो की जांच में जुट गई हैं। पुलिस व एजेंसियां वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिए गए बयानों का परीक्षण कर रही है। आकिब के नेटवर्क और उसके संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है।
साथ छोड़ने वालों पर भड़का आकिब
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में आकिब खान अपने समर्थकों से नाराज नजर आ रहा है। 500-600 फॉलोअर्स के साथ छोड़ भागने पर आकिब वायरल वीडियो में कह रहा है कि पहले उसके साथ सैकड़ों लोग जुड़े थे, लेकिन हालात बदलते ही अधिकांश लोग दूर हो गए। उसने कहा उसे किसी के सहारे की जरूरत नहीं है और वह अपने दम पर आगे बढ़ेगा।
देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क के मामले में वांछित आकिब का सहयोगी समीर अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस टीमों ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश तेज कर दी है, लेकिन अब तक उसका सुराग नहीं लग सका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार समीर इस पूरे नेटवर्क की अहम कड़ी माना जा रहा है। बताया जा रहा है गुजरात में रहते हुए समीर ने गिरफ्तार आरोपी जलाल हैदर का आकिब से संपर्क कराया था। ऐसे में जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि समीर की गिरफ्तारी से आकिब के नेटवर्क और उसके कामकाज से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।




साइन इन