मैं नाक रगड़कर माफी मांगूंगी; छात्र की मां को शट अप बोलने वाली प्रिसिंपल का वीडियो वायरल
हरदोई में छात्र की मां को कई बार शटअप बोल कर चर्चा में आईं प्रिंसिपल का एक और वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह नाक रगड़ कर माफी मांगने की बात कही है। प्रिंसिपल का कहना है कि आरोप लगाने वाले स्कूल के लोगो वाली एक भी कॉपी-किताब अभी तक नहीं दिखा पाए हैं।

UP News: यूपी के हरदोई में छात्र की मां को कई बार शटअप बोल कर चर्चा में आईं प्रिंसिपल का एक और वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह भीड़ से कह रही हैं कि मैं नाक रगड़ कर माफी मांगूंगी। वह किस बात पर माफी मांगने की बात कह रही हैं, यह वीडियो में नहीं सुनाई दे रहा है। उधर, प्रिंसिपल ने कहा कि भीड़ में कुछ लोग स्कूल से ही कॉपी-किताब बेचने का आरोप लगा रहे थे। मैंने उनसे कहा कि स्कूल के लोगो वाली एक भी कॉपी-किताब दिखा देंगे तो नाक रगड़ कर माफी मांग लूंगी। वे आज तक ऐसी एक भी कॉपी-किताब नहीं दिखा सके। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
शहर के कैनाल रोड स्थित स्कूल में बीते दिनों एक छात्र की मां को प्रिंसिपल ने शटअप कह कर डपट दिया था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान नोकझोंक का वीडियो वायरल हो रहा है। इसे लेकर रील भी बन रही हैं। वायरल वीडियो 29 सेकेंड का है। इसमें विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उग्र प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। पुलिस कर्मी उन्हें शांत कराने की मशक्कत कर रहे हैं। वहीं स्कूल की प्रिंसिपल नाक रगड़कर माफी मांगने की बात कह रही हैं। बीते सप्ताह अभिभावक से अभद्रता पूर्ण बात करते हुए एक मिनट में 10 बार शटअप बोलने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद विद्यार्थी परिषद ने स्कूल परिसर में पहुंचकर प्रदर्शन किया था।
एक हफ्ते बाद भी एबीवीपी ने दिया साक्ष्य
उधर, इस मामले में प्रिंसिपल ने कहा कि उन्होंने एबीवीपी के लोगों से कहा था यदि किसी भी कॉपी पर उनके स्कूल का लोगो लगा मिल जाए तो वह ऐसी सूरत में नाक रगड़कर माफी मांगेंगी। एक हफ्ता बीत जाने के बावजूद अभी तक एबीवीपी के पदाधिकारी या किसी अभिभावक ने मेरे स्कूल का लोगो लगी कोई भी कॉपी या किताब साक्ष्य के तौर पर नहीं दी है। मैं कभी भी किसी भी बच्चे या अभिभावक पर किसी विशेष बुक स्टॉल से कॉपी या किताबें खरीदने का दबाव नहीं डाला। लगाए गए सभी आरोप मिथ्या है। साजिशन फंसाने का षडयंत्र रचा गया है। सामाजिक व मानसिक रूप से मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है।
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज
कोतवाल संजय त्यागी का कहना है कि तहरीर के आधार पर स्कूल प्रबंधक और प्रिंसिपल पर रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। वायरल वीडियो की भी जांच जारी है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर कार्रवाई होगी।




साइन इन