2 lakh convenience fee will be charged JE made demand in the name of electricity connection 2 लाख सुविधा शुल्क लगेगा...बिजली कनेक्शन के नाम पर जेई ने रखी डिमांड, वीडियो वायरल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

2 लाख सुविधा शुल्क लगेगा...बिजली कनेक्शन के नाम पर जेई ने रखी डिमांड, वीडियो वायरल

लखनऊ के एक जूनियर इंजीनियर द्वारा बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल हुआ है।  आरोप है कि जेई ने एक आवेदक से रो-हाउस के अस्थाई बिजली कनेक्शन के लिए दो लाख रुपये का सुविधा शुल्क की मांग की। वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारी जांच में जुट गए हैं।

Sun, 3 May 2026 06:08 AMPawan Kumar Sharma वरिष्ठ संवाददाता, लखनऊ
share
2 लाख सुविधा शुल्क लगेगा...बिजली कनेक्शन के नाम पर जेई ने रखी डिमांड, वीडियो वायरल

यूपी के लखनऊ के लेसा के एक जूनियर इंजीनियर द्वारा बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल हुआ है। सरोजनीनगर के गहरू उपकेंद्र के 11 केवी एलटी उपकेंद्र पर तैनात जेई विनय कुमार पर आरोप है कि उन्होंने एक आवेदक से रो-हाउस के अस्थाई बिजली कनेक्शन के लिए दो लाख रुपये का रिश्वत (सुविधा शुल्क) की मांग की। वीडियो में कथित तौर पर जेई कनेक्शन के लिए एस्टीमेट बनाने और सारा काम कराने के लिए अलग से दो लाख रुपये की बात करते सुनाई दे रहा है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की।

जानकारी के अनुसार गहरू उपकेंद्र के 11 केवी एलटी उपकेंद्र पर तैनात जेई विनय कुमार के पास एक आवेदक रानीपुर में बन रहे रो-हाउस के लिए अस्थाई बिजली कनेक्शन का अनुरोध लेकर पहुंचा था। वायरल वीडियो में जेई यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि विभाग की ओर से आधिकारिक एस्टीमेट लगभग 03 लाख रुपये का बनेगा, लेकिन काम को तेजी से निपटाने और ‘ऊपर तक सेटिंग’ करने के नाम पर उन्होंने कुल 5 लाख रुपये के पैकेज की बात की। यानी सरकारी खर्च के अलावा 2 लाख रुपये अतिरिक्त सुविधा शुल्क के तौर पर मांगे गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी: CGSH की अतिरिक्त निदेशक डॉ.नताशा और ड्राइवर अरेस्ट, रिश्वत लेने का आरोप

आरोपी जेई की सफाई

इस पूरे प्रकरण पर आरोपी जेई विनय कुमार का पक्ष भी सामने आया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी भी तरह की रिश्वत की मांग नहीं की है। उनके अनुसार, वीडियो बनाने वाला व्यक्ति स्वयं आवेदक नहीं था और रिश्वत की राशि (5 लाख रुपये) का जिक्र उसी व्यक्ति ने शुरू किया था। उनका दावा है कि उन्हें फंसाने की साजिश रची जा रही है।

पोल शिफ्टिंग के नाम पर पहले भी लगे आरोप

यह पहली बार नहीं है जब विनय कुमार विवादों में घिरे हों। इससे पहले आरडीएसओ उपकेंद्र में तैनाती के दौरान भी उन पर बिजली पोल शिफ्टिंग के नाम पर गड़बड़ी करने के गंभीर आरोप लगे थे। अपना व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी अजय यादव ने इसकी शिकायत तत्कालीन चेयरमैन एम. देवराज से की थी, जिसके बाद उन्हें वहां से हटाया गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एक लाख की रिश्वत लेने पर इंस्पेक्टर के खिलाफ मुकदमा, सस्पेंड भी; SSP का ऐक्शन

तालकटोरा के जेई निलंबित हो चुके हैं

लेसा के लखनऊ सेंट्रल जोन में पिछले सप्ताह तालकटोरा में तैनात जेई निलेश सिंह का भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे कनेक्शन के लिए 1.50 लाख रुपये मांग रहे थे। उस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए निलेश सिंह को निलंबित कर दिया गया था। वहीं, इस मामले में मुख्य अभियंता राम कुमार का कहना है कि बिजली कनेक्शन के नाम पर जेई विनय कुमार ने वायरल वीडियो में पैसे के लेन-देन की बात हो रही है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। जांच रिपोर्ट में दोषी पाये जाने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:VDO रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, विभागीय अफसरों ने भी लिया तगड़ा ऐक्शन
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।