प्रेमी देवर और उसके दोस्तों से कराई पति की हत्या, फिर जमीन में गाड़ा; सनसनीखेड मर्डर का खुलासा
झांसी के हंसराज वर्मा की हत्या का खुलासा मध्य प्रदेश में हुआ। पत्नी ने कथित प्रेमी देवर व उसके दोस्त संग मिलकर गला घोंटकर हत्या कर शव दतिया में दफनाया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसने झांसी और दतिया क्षेत्र में हलचल मचा दी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि झांसी के सदर बाजार थाना क्षेत्र के भगवंतपुरा निवासी 38 वर्षीय हंसराज वर्मा की हत्या कथित रूप से उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी देवर और उसके एक दोस्त के साथ मिलकर करवाई थी। पुलिस ने जमीन में दफनाए गए शव को निकलवाकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पति की हत्या कर शव दफनाया
जानकारी के अनुसार, हंसराज वर्मा निजी कामकाज करते थे और पत्नी बबीता व दो बच्चों के साथ रहते थे। 4 फरवरी को वह ग्वालियर में एक रिश्तेदार की बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो स्थानीय पुलिस और मध्य प्रदेश पुलिस को सूचना दी गई। इसी बीच 6 फरवरी को झांसी से सटे दतिया जिले के गोराघाट क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य सुरक्षित रखकर उसे दफना दिया।
बबीता की ताऊ के बेटे से बढ़ी नजदीकियां
लगातार तलाश में जुटे हंसराज के परिजन 9 फरवरी को गोराघाट थाने पहुंचे। वहां कपड़ों और फोटो के आधार पर शव की पहचान हंसराज वर्मा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को जमीन से निकलवाकर परिजनों के सुपुर्द किया और मामले की जांच तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने हंसराज की कॉल डिटेल खंगाली और संदेह के आधार पर पत्नी बबीता से पूछताछ की। पूछताछ में कथित तौर पर उसने स्वीकार किया कि उसकी शादी करीब 16 साल पहले हंसराज से हुई थी। पिछले वर्ष होली के दौरान वह परिवार सहित ताऊ के घर गई थी, जहां उसकी नजदीकियां ताऊ के बेटे से बढ़ीं। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी और संबंध गहरे हो गए।
अवैध संबध के लिए पति को रास्ते से हटाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, इसी अवैध संबंध के चलते पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। प्रेमी और उसके दोस्त की मदद से हंसराज की गला घोंटकर हत्या की गई और शव को गोराघाट क्षेत्र में ठिकाने लगा दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे षड्यंत्र की परतें खोलने के लिए तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों का भी सहारा लिया जा रहा है।




साइन इन