husband kills wife buries her behind the house spreads rumours at in laws house secret of the 6 foot deep pit was reveal शक में पति ने पत्नी की हत्या कर घर के पीछे दफनाया, 4 दिन बाद खुला 6 फीट गहरे गड्ढे का राज, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

शक में पति ने पत्नी की हत्या कर घर के पीछे दफनाया, 4 दिन बाद खुला 6 फीट गहरे गड्ढे का राज

पति ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी खुशबू की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर के पिछले हिस्से में लगभग छह फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। चार दिन बाद गुरुवार को आरोपित के पिता श्याम नारायण ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दफनाए गए स्थान की खोदाई कराई तो करीब छह फीट नीचे से महिला का शव बरामद हुआ।

Thu, 25 Dec 2025 10:23 PMAjay Singh संवाददाता, बेलघाट (गोरखपुर)
share
शक में पति ने पत्नी की हत्या कर घर के पीछे दफनाया, 4 दिन बाद खुला 6 फीट गहरे गड्ढे का राज

यूपी के गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र में बेईली कुंड के बसही गांव में गुरुवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को घर के पीछे छह फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया। पत्नी की हत्या के बाद ससुराल पहुंचकर इस शख्स ने अफवाह फैला दी कि पत्नी रुपए लेकर भाग गई है। चार दिन बाद गुरुवार को आरोपित के पिता की सूचना पर पुलिस ने गड्ढा खोदवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह अवैध संबंध का शक बताया जा रहा है।

बेलघाट के बेईली कुंड के श्याम नारायण का बेटा अर्जुन लुधियाना में मजदूरी करता है, करीब 15 दिन पहले वह घर आया था। आरोप है कि उसने अपनी 25 वर्षीय पत्नी खुशबू की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर के पिछले हिस्से में लगभग छह फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। घटना के चार दिन बाद गुरुवार को आरोपित के पिता श्याम नारायण ने पूरे मामले की सूचना बेलघाट पुलिस को दी। पुलिस ने दफनाए गए स्थान की खोदाई कराई तो करीब छह फीट नीचे से महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, अवैध संबंधों के शक में महिला की हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। करीब दो साल पहले खुशबू की शादी हुई थी। अभी उसकी कोई संतान नहीं थी। उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। बहन की हत्या की सूचना पर भाई व मायके के अन्य लोग थाने पहुंचे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राह चलते झगड़े में ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 को लगी गोली, दसवीं का छात्र मारा गया

हत्या के बाद ससुराल में फैला दी अफवाह

पत्नी की हत्या कर शव को जमीन में दफनाने के बाद आरोपी पति अर्जुन ने ससुराल पहुंचकर यह अफवाह फैला दी कि उसकी पत्नी खुशबू तीन हजार रुपये और मोबाइल लेकर कहीं भाग गई है। उसने ससुराल वालों से यह भी कहा कि अगर कहीं उसकी जानकारी मिले तो तुरंत उसे सूचित करें। इधर, बहू के अचानक लापता होने पर अर्जुन की मां को बेटे पर शक हुआ। मां ने पहले बेटे से पूछताछ की। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने अपने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के पहुंचने पर भी अर्जुन लगातार गुमराह करता रहा। पहले उसने कहा कि पत्नी घर छोड़कर चली गई है, फिर बताया कि खुशबू ने आत्महत्या कर ली थी और डर के कारण उसने शव को राप्ती नदी में बहा दिया। पुलिस की सख्ती के बाद वह टूट गया और उसने अपने घर के पीछे शव दफनाने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने जमीन खोदवाकर शव बरामद किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:छेनी-हथौड़ी से पत्नी की हत्या कर कोतवाली पहुंचा पति, बोला-मैंने उसे मार डाला

पुलिस के अनुसार अर्जुन का परिवार मूल रूप से आजमगढ़ जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के हथियागढ़ का निवासी है। करीब आठ वर्ष पूर्व उसके पिता श्याम नारायण ने बेलघाट क्षेत्र के बेइली कुंड में जमीन खरीदकर मकान बनवाया था और तभी से परिवार वहीं रह रहा है। अर्जुन की शादी 25 जून 2023 को बड़हलगंज थाना क्षेत्र के मदरिया गांव निवासी खुशबू से हुई थी। खुशबू के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। मायके में उसके दो नाबालिग भाई गोलू (13), कन्हैया (11) और बहन आकांक्षा (8) हैं।

मोबाइल को लेकर शक बना हत्या की वजह

जांच में सामने आया कि अर्जुन को कुछ दिन पहले पत्नी के पास एक नया मोबाइल फोन दिखा था। फोन के बारे में पूछताछ करने पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। मोबाइल पर आने वाली कुछ कॉल्स को लेकर उसका शक और गहराता गया। इसी शक और विवाद के दौरान उसने गला दबाकर खुशबू की हत्या कर दी। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।