भीषण गर्मी में पत्नी पंखा लगाने की कर रही थी जिद, नाराज पति ने गोली मारकर कर ली खुदकुशी
फर्रुखाबाद में भीषण गर्मी के बीच घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। दरअसल, मक्का के खेत में पानी लगाने गए एक किसान ने पत्नी से दूसरे पंखे को लेकर हुए विवाद के बाद तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

UP News: यूपी के फर्रुखाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।जहां कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। दरअसल, मक्का के खेत में पानी लगाने गए एक किसान ने पत्नी से दूसरे पंखे को लेकर हुए विवाद के बाद तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव गऊटोला का का रहने वाला 40 वर्षीय किसान युवक महेंद्र भीषण गर्मी के दौरान घर में सिर्फ एक पंखे का इस्तेमाल अपने सोने के समय करता था और उसकी पत्नी विमला अपने तीन बेटे हिमांशु, आर्यन,सुदेश के साथ ही दो बेटियां रेशमा एवं सरिता को भी इस भीषण गर्मी से राहत दिलाने लाने के लिए दूसरा पंखा लाने के लिए जिद कर रही थी। इतने बड़े परिवार में भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए एक पंखा पर्याप्त न होने के कारण पिछले दो दिनों से घर में विवाद हो रहा था। इसी को लेकर कल शनिवार शाम काल पति-पत्नी के बीच काफी कहासुनी और विवाद बढ़ गया था।
इसके बाद कृषक युवक महेंद्र अपनी एक पुत्री के साथ गांव के पास मक्का के खेत में पानी लगाने के लिए चला गया। जहां उसने रात करीब 9 बजे तमंचे से गोली मार कर आत्महत्या कर ली। इस दौरान मृतक महेंद्र की बेटी ने अपने पिता को खून लथपथ देखते ही चीख पुकार मचाई। जिस पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचेऔर ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते, तब तक युवक महेंद्र की मौत हो चुकी थी।
इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्रधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला दलवल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बारीकी से जांच पड़ताल शुरू करते हुए आत्महत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा एव शव को अपने कब्जे में ले लिया। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल करके अग्रिम कार्रवाई करेगी और मृतक के शब का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ को भिजवाया गया।
पति ने पत्नी की गला घोंटकर की हत्या
उधर, शामली में शनिवार को पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या की। अपर पुलिस अधीक्षक (शामली) सुमित शुक्ला ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को एक युवक के साथ अपने घर के अंदर देखा।
मृतका की पहचान 35 वर्षीय इशरत के रूप में हुई है, जो आरोपी आस मोहम्मद की पत्नी थी। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। इशरत ने कुछ वर्ष पहले आस मोहम्मद के साथ प्रेम विवाह किया था।




साइन इन