Heatstroke: भट्ठी की तरह तपने लगा यूपी, बांदा में पारा 47 पार, प्रयागराज और झांसी का भी बुरा हाल
यूपी में रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ रही है। अधिकांश जिले भट्टी की तरह तपने लगे हैं। बांदा में पारा 47 पार पहुंच गया है। प्रयागराज का भी हाल बुरा है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

UP Heatstroke: यूपी में इन दिनों गर्मी अपनी चरम सीमा पर पहुंच रही है। गर्मी का आलम ये है कि यूपी के अधिकांश जिले भट्टी की तरह तपने लगे हैं। बांदा में पारा 47 पार पहुंच गया है। प्रयागराज का भी हाल बुरा है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार बांदा के बाद प्रयागराज यूपी सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी में 45.4, वाराणसी बीएचयू में 44.8, वाराणसी एयरपोर्ट पर 44.4, फुरसतगंज में 43.8, आगरा में 43.8, सुल्तानपुर में 43.2, लखनऊ में 42.8, मेरठ में 42 तथा आजमगढ़ में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने पूर्वी के कई जिलों में लू चलने की आशंका भी जताई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सामान्य लोगों के लिए गर्मी भले ही सीमित रूप से सहनीय हो, लेकिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए यह स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न कर सकती है। तेज गर्मी में मजदूरों, खेतों में काम करने वाले किसानों, खनन और औद्योगिक श्रमिकों में डिहाइड्रेशन और लू लगने का खतरा अधिक रहेगा।
11 से दोपहर तीन बजे तक बेवजह घर से न निकलें
मौसम विभाग ने सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है। लोगों से हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, सिर को ढककर रखने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने को कहा गया है। ओआरएस, लस्सी, छाछ, नींबू पानी और अन्य घरेलू पेय पदार्थों के सेवन पर जोर दिया गया है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड पेय पदार्थ शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं, इसलिए इनसे बचना चाहिए। साथ ही भारी और बासी भोजन का सेवन भी नहीं करने की सलाह दी गई है। किसानों को गन्ना, ग्रीष्मकालीन मक्का, दलहन और सब्जियों की सिंचाई जारी रखने की सलाह दी गई है। वहीं पशुपालकों से दोपहर के समय जानवरों को खुले में न छोड़ने और उन्हें छांव व पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने को कहा गया है। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि हीट स्ट्रोक, चक्कर आना, सिरदर्द, कमजोरी, अधिक पसीना, उल्टी और बेहोशी जैसे लक्षण दिखने पर तत्काल चिकत्सिकीय सहायता लेनी चाहिए। आईएमडी ने हीट वेव को लेकर ग्रीन, येलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट की श्रेणियां निर्धारित की हैं।
अगले पांच दिन तक आसमान से बरसेगी आग
मौसम विभाग में अगले पांच दिनो में प्रचंड गर्मी और लू के आसार जताए हैं। विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि बांदा में लू की स्थिति दर्ज की गई। मौसम विभाग द्वारा सोमवार को जारी हीट वेव बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में बांदा, प्रयागराज, झांसी, गाजीपुर और सुल्तानपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। वहीं बाराबंकी, गोरखपुर, वाराणसी (बीएचयू), बहराइच, बांदा, फुर्सतगंज, मुजफ्फरनगर, मेरठ, उरई और आगरा ताज में तापमान सामान्य से ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार बांदा जिले में लू की स्थिति दर्ज की गई।
भीषण गर्मी के चलते काशी विश्वनाथ धाम में विशेष इंतजाम
ग्रीष्म ऋतु और तीव्र तापमान के बीच भी काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह निरंतर बना हुआ है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा विश्वेश्वर के दर्शन के लिये पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सहज दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। मंदिर परिसर तथा दर्शन मार्ग में जगह-जगह मटकों में शीतल जल की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिल रही है। इसके अतिरिक्त दर्शन पथ पर जूट की मैट बिछाई गई है, जिससे श्रद्धालुओं को चलने में असुविधा न हो। वहीं श्रद्धालुओं को शीतल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए फुहारे युक्त पंखे भी लगाए गए हैं, जिनसे निरंतर शीतल जल की फुहार और हवा मिल रही है। मंदिर न्यास द्वारा की गई इन व्यवस्थाओं का लाभ उठाते हुए श्रद्धालु सुगमता और पूर्ण श्रद्धाभाव के साथ बाबा श्री विश्वेश्वर के दर्शन कर रहे हैं।




साइन इन