अमेरिका में सिखों पर टिप्पणी को लेकर सुनवाई पूरी, राहुल गांधी पर छह जून को आ सकता है फैसला
कांग्रेस सांसद एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में सिखों पर की गई टिप्पणी मामले में वाराणसी की एमपी-एमएलए कोर्ट में शनिवार को सुनवाई पूरी हो गई। विशेष सत्र न्यायाधीश यजुवेंद्र विक्रम सिंह ने आदेश सुरक्षित रख लिया है। छह जून को आदेश सुनाया जा सकता है।

Varanasi News: कांग्रेस सांसद एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में सिखों पर की गई टिप्पणी मामले में वाराणसी की एमपी-एमएलए कोर्ट में शनिवार को सुनवाई पूरी हो गई। विशेष सत्र न्यायाधीश यजुवेंद्र विक्रम सिंह ने आदेश सुरक्षित रख लिया है। छह जून को आदेश सुनाया जा सकता है। बता दें कि तिलमापुर सारनाथ क्षेत्र के पूर्व प्रधान नागेश्वर मिश्र ने राहुल गांधी के अमेरिका यात्रा के दौरान सिखों से सम्बंधित दिए गए विवादित बयान को लेकर एक वाद दाखिल किया था।
इसे अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चतुर्थ वाराणसी ने खारिज कर दिया था, जिसके विरुद्ध नागेश्वर मिश्र ने अपने अधिवक्ता अलख नारायण राय के माध्यम से विशेष सत्र न्यायाधीश यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में निगरानी याचिका दायर की थी। इसमें राहुल गांधी को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी हुआ था, किन्तु वह हाजिर नहीं हुए। इस पर न्यायालय ने राहुल गांधी की नोटिस तामीला को पर्याप्त समय मानते हुए शनिवार को सुनवाई की, जिसमें नागेश्वर मिश्र की तरफ से अधिवक्ता अलख नारायण राय ने बहस की। उधर से सरकारी अधिवक्ता विनय कुमार सिंह ने सरकार का पक्ष रखा। दोनों तरफ की बहस सुनने के बाद विशेष सत्र न्यायाधीश यजुवेंद्र विक्रम सिंह ने सुनवाई पूरी की।
राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग
वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस पर अभद्र टिप्पणी के मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली के सांसद राहुल गांधी के खिलाफ अखिल भारत हिन्दू महासभा ने मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। गुरुवार को महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी कार्यकर्ताओं के साथ हजरतगंज कोतवाली पहुंचे। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को तहरीर दी। साथ ही मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने कहा कि 20 मई को वह सोशल मीडिया देख रहे थे। इस बीच उन्होंने एक वीडियो देखा जिसमें अमेठी में आयोजित एक सभा में कांग्रेस के रायबरेली सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम, गृह मंत्री और आरएसएस पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
देश के सर्वोच्च पदों पर बैठे नेताओं के खिलाफ इस तरह की अमर्यादित भाषा का प्रयोग एक सांसद को नहीं करना चाहिए। आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी से करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है। माहौल बिगड़ सकता है। ऐसे में राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई अवश्य होनी चाहिए। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। महासभा के प्रवक्ता से वीडियो साक्ष्य मांगे गए हैं।




साइन इन