रॉ अफसर बनकर की शादी, फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमाया, राज खुला तो युवती के पैरों तले खिसकी जमीन
उत्तर प्रदेश के गोंडा में खुद को RAW का अधिकारी बताकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने, फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर शादी करने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में खुद को खुफिया एजेंसी रॉ (रिसर्च एंड एनालिसिस विंग) अधिकारी बताकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर शादी करने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सच्चाई जानकर युवती के पैरों तले जमीन खिसक गई। इससे परेशान होकर युवती ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की और पूरे मामले की जानकारी दी।मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस अब आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं उसने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार तो नहीं बनाया।
बहन को आईएएस अफसर बताकर नौकरी लगवाने का झांसा दिया
कोतवाली देहात क्षेत्र के बेनीपुरवा निवासी 20 वर्षीय पीड़िता कोमल आर्या के मुताबिक आरोपी संदीप सिंह बग्गी निवासी सिखड़ी, गाजीपुर से उसकी मुलाकात अगस्त 2024 में आंबेडकर चौराहे पर बस का इंतजार करते समय हुई थी। आरोपी ने खुद को रॉ अधिकारी बताया और बहन को बहराइच में आईएएस अफसर बताकर शिक्षा विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। पीड़िता के मुताबिक 30 अगस्त 2024 को आरोपी ने उसे और उसकी मां को बुलाकर यूपी सरकार की मुहर लगा फर्जी नियुक्ति पत्र और आईडी कार्ड थमा दिया। एक माह में लखनऊ में क्लर्क पद पर जॉइनिंग का वादा कर शादी का प्रस्ताव रखा। इस पर परिवार ने सहमति दे दी। 25 अप्रैल 2025 को विवाह हुआ और 14 मई 2025 को पंजीकरण कराया गया। बाद में खुलासा हुआ कि नियुक्ति पत्र कूटरचित था।
आरोपी न तो रॉ अफसर है और न ही उसकी बहन आईएएस
आरोपी न तो रॉ अफसर है और न ही उसकी बहन आईएएस है। वह पहले से शादीशुदा है। राज खुलने पर आरोपी ने परिजनों को भी जान से मारने की धमकी दी। मामले में एसपी के आदेश पर कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी संदीप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




साइन इन