जनसभा व पार्किंग के लिए ली गई जमीन का मुआवजा
Hardoi News - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 29 अप्रैल को प्रस्तावित जनसभा और गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम स्थल के लिए 1140 किसानों की लगभग 600 बीघा जमीन अस्थायी रूप से अधिग्रहित की गई है। प्रभावित किसानों को 17,000 रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा दिया जा रहा है।

मल्लावां। 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा और गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर पंडाल और पार्किंग व्यवस्था के लिए आसपास के गांवों की बड़ी मात्रा में जमीन अस्थायी रूप से अधिग्रहित की गई है। बांदीपुर, श्यामपुर, मुस्तफाबाद और कल्याणपुर गांवों के करीब 1140 किसानों की लगभग 600 बीघा जमीन कार्यक्रम के लिए घेरी गई है। इस भूमि पर पंडाल और पार्किंग स्थल तैयार किए जा रहे हैं, जहां करीब डेढ़ लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।राजस्व विभाग द्वारा प्रभावित किसानों को मुआवजा देना शुरू कर दिया गया है।
राजस्व निरीक्षक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि जिन किसानों की जमीन ली गई है, उन्हें प्रति हेक्टेयर 17,000 रुपये के हिसाब से चेक वितरित किए जा रहे हैं। जिन खेतों में फसल खड़ी थी उनके नुकसान को ध्यान में रखते हुए यह राशि दी जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 34 लाख की धनराशि किसानों में वितरित की जा चुकी है। किसानों को उनकी घेरी गई जमीन के अनुपात में भुगतान किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम को सफल बनाने के साथ-साथ किसानों के हितों का भी ध्यान रखा जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन