प्रयागराज में दादा के सामने पोते का अपहरण, LKG के छात्र को कार में अगवा कर ले गए बदमाश
प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्चे का दिनदहाड़े अपहरण हो गया। स्कूल वैन से उतरकर दादा के साथ घर जा रहे मासूम को कार सवार बदमाश कुछ सेकेंड में उठाकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है और बच्चे की बरामदगी के लिए टीमें लगाई गई हैं।

प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े छह वर्षीय मासूम के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई। स्कूल से घर लौट रहे बच्चे को घर से महज कुछ मीटर पहले कार सवार बदमाश दादा के सामने ही उठाकर फरार हो गए। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। दिघिया चौकी अंतर्गत सराय कला गांव निवासी ओम प्रकाश शर्मा मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। गांव में उनके परिवार में पत्नी आरती देवी, छह वर्षीय बेटा प्रतीक शर्मा, एक बेटी और पिता नागेश्वर शर्मा रहते हैं। प्रतीक गुलाब पत्ती इंटर कॉलेज अकोढ़ाकला में एलकेजी का छात्र है।
दादा के सामने पोते का अपहरण
शनिवार को रोज की तरह वह स्कूल की वैन से घर लौटा था। वैन से उतरने के बाद वह अपने 65 वर्षीय दादा नागेश्वर शर्मा के साथ पैदल घर की ओर जा रहा था। दोनों अभी घर से करीब 30 मीटर की दूरी पर ही पहुंचे थे कि तभी दिघिया की तरफ से एक कार आकर उनके पास रुकी। कार से उतरे एक युवक ने नागेश्वर शर्मा से जेवनिया गांव का रास्ता पूछा। बुजुर्ग नागेश्वर उसे रास्ता बताने लगे। इसी बीच कार में बैठे दूसरे बदमाश ने तेजी से आगे बढ़कर मासूम प्रतीक को उठाया और जबरन कार में डाल दिया। पूरी घटना कुछ ही सेकेंड में हो गई। नागेश्वर शर्मा जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बदमाश बच्चे को लेकर कार से फरार हो चुके थे।
घटना के विरोध में लोगों का फूटा आक्रोश
दादा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां आरती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों में भी इस घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही एसीपी मेजा संत प्रसाद उपाध्याय, मांडा थाना प्रभारी अनिल वर्मा और दिघिया चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
डीसीपी यमुनानगर ने बताया कि बच्चे की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर बच्चे को सुरक्षित बरामद करने की कोशिश की जा रही है।




साइन इन