Navarambh Festival to Boost Enrollment in Pre-Primary Education in Deoria बालवाटिका में नामांकन बढ़ाने को नवारम्भ उत्सव का होगा आयोजन, Deoria Hindi News - Hindustan
More

बालवाटिका में नामांकन बढ़ाने को नवारम्भ उत्सव का होगा आयोजन

Deoria News - देवरिया में प्री-प्राइमरी शिक्षा के लिए बालवाटिकाओं में नामांकन बढ़ाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग नवारम्भ उत्सव का आयोजन करेगा। यह कार्यक्रम चार चरणों में होगा, जिसमें अभिभावकों को जागरूक करने और बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया जाएगा। 1013 बालवाटिकाओं में लगभग 46090 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

Sun, 8 March 2026 09:24 AMNewswrap हिन्दुस्तान, देवरिया
share
बालवाटिका में नामांकन बढ़ाने को नवारम्भ उत्सव का होगा आयोजन

देवरिया, निज संवाददाता। प्री- प्राइमरी की शिक्षा के लिए संचालित बालवाटिकाओं में बच्चों का नामांकन बढ़ाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा नवारम्भ उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिले में चार चरणों में आयोजित होगा। जिसमें बच्चों के अभिभावकों को जागरूक करने के साथ ही बालवाटिका में पढ़ने आने के लिए बच्चों को प्रेरित किया जाएगा। जिले में 1013 बालवाटिका संचालित हैं, जिसमें करीब 46090 बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। इनमें 225 बालवाटिकाओं में ईसीसी एजुकेटर की तैनाती है, जबकि 788 बालवाटिकांए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सहारे ही संचालित हो रहीं हैं। अब इन बालवाटिकाओं में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग जोर दे रहा है।

बच्चों की संख्या के लिए सभी बालवाटिकाओं पर नवारम्भ उत्सव का आयोजन करने की तैयारी है। यह आयोजन चार चरणों में किया जाना है। जिसके पहले चरण में बीईओ, संबंधित डीसी, एसआरजी, एआरपी, अध्यापक, ईसीसी एजुकेटर व आंगनबाड़ी कार्यकत्री के साथ ऑनलाइन जूम मीटिंग की जाएगी। जिसमें उन्हे नवारम्भ उत्सव के बारे में विस्तृत जानकारी दिया जाएगा। इसके बाद दूसरे व तीसरे चरण में बच्चों के अभिभावकों को आमंत्रण पत्र देकर बालवाटिका पर बुलाया जाएगा, जिसमें उन्हे शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तृत बताने के साथ ही उन्हे जागरूक किया जाएगा। वहीं प्री- प्राइमरी की शिक्षा के बाद कक्षा एक में दाखिला लेने वाले बच्चों का चिन्हाकन किया जाएगा। जबकि चौथे चरण में बच्चों को बालवाटिका केन्द्र पर रेताबालू पर अक्षरों को लिखकर एवं खेल- खेल के माध्यम से पढ़ाई प्रति प्रेरित किया जाएगा। वहीं बालवाटिका को विस्तृत सजा कर उसपर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि बच्चों का पढ़ाई के प्रति रूचि बढ़े और वे पढ़ाई के लिए विद्यालयों की तरफ रूख करें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।