Google Maps misleads passengers again tourist bus takes shortcut and falls 15 feet causing panic among passengers गूगल मैप ने फिर भटकाया, शॉर्टकट के चक्कर में 15 फीट नीचे गिरी टूरिस्ट बस, यात्रियों में मची चीख-पुकार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

गूगल मैप ने फिर भटकाया, शॉर्टकट के चक्कर में 15 फीट नीचे गिरी टूरिस्ट बस, यात्रियों में मची चीख-पुकार

यूपी के शाहजहांपुर में एक टूरिस्ट बस 15 फीट नीचे खाईं में गिर गई। यात्रियों से भरी बस पंजाब जा रही थी। गूगल मैप ने रास्ता भटका दिया। शॉर्टकट के चक्कर में बस खाईं में जा पलटी।

Thu, 27 Nov 2025 03:58 PMDinesh Rathour शाहजहांपुर
share
गूगल मैप ने फिर भटकाया, शॉर्टकट के चक्कर में 15 फीट नीचे गिरी टूरिस्ट बस, यात्रियों में मची चीख-पुकार

यूपी में एक बार गूगल मैप ने भटका दिया। जिसके चलते लोगों की जान आफत में पड़ गई। नेपाल बॉर्डर के कृष्णानगर से पंजाब जा रही एक टूरिस्ट बस गुरुवार तड़के तीन बजे गूगल मैप के बताए शॉर्टकट पर भटक गई और तिलहर-निगोही मुख्य मार्ग पर डडिया गांव के पास करीब 15 फीट गहरी खाई में गिर गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल थे। गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और केवल चालक, परिचालक सहित दो लोगों को मामूली चोटें आईं।

चालक अमनदीप, निवासी फोडला कलां, थाना विकी, जिला मानसा पंजाब ने बताया कि वह अमन टूरिस्ट की बस लेकर कृष्णानगर से बलरामपुर होते हुए चंडीगढ़, पंजाब जा रहा था। वह पूरे मार्ग पर गूगल मैप के सहारे ड्राइव कर रहा था, जिसमें उसे शाहजहांपुर होते हुए NH-30 हाईवे से जाने का रास्ता दिखाया गया था। लेकिन मैप ने बीच में ही ‘शॉर्टकट’ देते हुए उसे तिलहर-निगोही मार्ग पर उतार दिया, जो फिलहाल डभौरा तिलहर के पास बंद है और भारी वाहनों के लिए बिल्कुल सुरक्षित नहीं है।

चालक ने बताया कि वह निर्धारित मार्ग से भटक गया और अनजान रोड पर बड़े वाहन के लिए खतरा बने आवारा जानवरों को बचाने की कोशिश में बस एक तरफ झुककर खाई में जा गिरी। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। इस दौरान बच्चों और महिलाओं को प्राथमिकता के साथ सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। ग्रामीणों का कहना था कि यह सड़क लंबे समय से जर्जर और संकरी है, यहां बड़े वाहन मुड़ ही नहीं सकते। सूचना मिलने पर बिरसिंहपुर चौकी पुलिस और बाद में प्रभारी कोतवाल दिनेश कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल दूसरी बस मंगाकर यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य की ओर रवाना कराया। वहीं, जेसीबी मशीन बुलाकर खाई में गिरी बस को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक बस को बाहर नहीं निकाला जा सका था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अयोध्या में किसान एक्सप्रेस में बम की फर्जी सूचना से हड़कंप, युवक गिरफ्तार
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गन्ने के खेत से निकले बाघ ने काम कर रहे मनरेगा मजदूर पर बोला हमला, घायल
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।