अयोध्या में किसान एक्सप्रेस में बम की फर्जी सूचना से हड़कंप, स्टेशन पर ट्रेन को रोककर ली गई तलाशी
रामनगरी अयोध्या में उस समय हड़कंप मच गया जब फिरोजाबाद–धनबाद रूट की 13308 किसान एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की सूचना मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिसकर्मी सतर्क हो गए।

अयोध्या जिले के अफसरों में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब उन्हें फिरोजाबाद से चलकर धनबाद जाने वाले किसान एक्सप्रेस ट्रेन नंबर-13308 में बम होने की सूचना मिली। ट्रेन रेलवे स्टेशन पटरंगा पहुंची उससे पहले सीओ रुदौली आशीष निगम की अगुवाई में रुदौली सर्किल की पुलिस टीम ने पूरे स्टेशन को घेर लिया। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी व रेलवे विभाग के टीआई बाराबंकी रंजीत नरूला सहित जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जाच में बम की सूचना झूठी निकली। इस बीच यात्रियों में दहशत रही।
एसपी ग्रामीण के निर्देश पर बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वाड की टीम ने मौके पर पहुंची और सुरक्षाकर्मियों ने यात्रियों को ट्रेन से उतारकर ट्रेन की सघन तलाशी ली। सुरक्षा टीम ने ट्रेन की हर बोगी में जाकर सघन जांच की। अचानक फैली अफवाह से यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। यात्री बोगियों से बाहर निकलकर प्लेटफॉर्म पर इधर-उधर भागते नजर आए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बम की पुकार ट्रेन की एच-वन फर्स्ट बोगी में सवार एक युवक ने दोपहर 01.24 बजे मचाई थी। यात्रियों के बताने पर पटरंगा थाने के एसएचओ शशिकांत यादव ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस टीम की मदद से उसे पटरंगा थाने भिजवाया। एसपी ग्रामीण व सीओ ने हिरासत में लिए गए युवक से पटरंगा थाने में काफी देर तक पूछताछ की। पुलिस ने उसे विक्षिप्त बताते हुए ट्रेन यात्रियों को आश्वस्त करते हुए सभी को अपनी सीट पर बैठने को कहा गया। अफसरों की मौजूदगी ट्रेन की पूरी जांच पड़ताल के बाद गंतव्य स्थल के लिए 3.45 बजे रवाना किया गया।
पटरंगा थाने के एसएचओ ने बताया कि युवक की पहचान अनंतराज (23) पुत्र रतन कुमार निवासी झारखंड के रूप में हुई है। युवक ने अपना मानसिक संतुलन खोकर फर्जी बम की अफवाह फैलाई थी। वहीं दूसरी ओर पुलिस लाइन अयोध्या से मौके पर योलमा व एमली डॉग के साथ पहुंच डॉग स्क्वायड टीम व बम निरोधक दस्ते ने संदिग्ध बोगी सहित पूरे ट्रेन की तलाशी व जांच- पड़ताल में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। योलमा व एमली की कड़ी पड़ताल के बाद अफसरों व यात्रियों ने राहत की सांस ली। सीओ रुदौली आशीष निगम ने बताया कि डॉग स्क्वाड व बम निरोधक दस्ता द्वारा पूरी बोगी का विधिवत निरीक्षण किया गया। किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जीआरपी व अन्य एजेंसी करेगी युवक की पड़ताल
सीओ रुदौली आशीष निगम ने बताया बम की फर्जी अफवाह फैलाकर दहशत फैलाने वाला युवक विक्षिप्त लग रहा है, लेकिन पूछताछ के बाद हिरासत में लिए गए युवक के बारे एटीएस सहित अन्य एजेंसियों को सूचित करते हुए उसे जीआरपी बाराबंकी के हवाले कर दिया गया है। करीब एक घंटे की जांच के बाद यात्रियों को दोबारा ट्रेन में बैठाकर आगे के लिए रवाना कर दिया गया।




साइन इन