गन्ने के खेत से निकले बाघ ने काम कर रहे मनरेगा मजदूर पर बोला हमला, चीख सुनकर दौड़े किसान
पूरनपुर में मनरेगा के तहत काम करने के दौरान गन्ने के खेत से निकले बाघ ने श्रमिक पर हमला कर दिया। ग्रामीण की चीख पर पास के खेत में पानी लगा रहे लोगों ने हल्ला कर ग्रामीण को बचाया।

पीलीभीत जिले के पूरनपुर में मनरेगा के तहत काम करने के दौरान गन्ने के खेत से निकले बाघ ने श्रमिक पर हमला कर दिया। ग्रामीण की चीख पर पास के खेत में पानी लगा रहे लोगों ने हल्ला कर ग्रामीण को बचाया। हमले से ग्रामीण के सीने में गहरा घाव हो गया। ग्रामीण को सीएचसी लाया गया। यहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना से गांव में दहशत फैल गई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गजरौला खास में गुरुवार सुबह मनरेगा के तहत गांव से दौ सौ मीटर की दूरी पर खेतों के पास कच्चे मार्ग पर काम चल रहा था। इसमें गांव के रहने वाले राजाराम पुत्र प्यारे लाल वर्मा भी काम कर रहे थे। काम समाप्त होने के बाद साथ के लोग चले गए। यह अकेले रह गए। बताया जाता है कि राजाराम शौच को जा रहे थे। इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले बाघ ने उनपर हमला कर दिया। यह देखकर पास में खेत पर पानी लगा रहे बाप बेटा ने शोरगुल शुरु कर दिया। इससे बाघ ग्रामीण को छोडकर भाग गया।
हमले से राजाराम के सीने में गहरा जख्म हुआ और पैर में भी पंजे के निशान हैं। गंभीर घटना के बाद वन विभाग को सूचना दी गई। काफी देर तक कोई नहीं आया। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को सीएचसी लाया गया। यहां से उनको पीलीभीत रेफर कर दिया। घटना से गांव में दहशत फैल गई। रेंजर हरीपुर शहीर खान ने बताया कि मौके पर टीम गई थी। कहीं कोई लोकेशन नहीं मिली है। हमला बाघ का है या किसी अन्य वन्यजीव का यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। टीम गस्त कर रही है।




साइन इन