गुड न्यूज: यूपी के इन दो बड़े शहरों के बीच सफर होगा आसान, इंटरसिटी एक्सप्रेस का रास्ता साफ
प्रयागराज से गोरखपुर के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन का रास्ता साफ हो गया है। सांसद द्वारा इस संबंध में रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया था। उनके पत्र के क्रम में रेलवे बोर्ड को बीते 8 दिसम्बर को औपचारिक प्रस्ताव भेज दिया गया है।
यूपी के दो बड़े शहरों गोरखपुर और प्रयागराज के बीच सफर बहुत आसान होने वाला है। जल्द ही इन दोनों शहरों के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाई जा सकती है। यह जानकारी गोरखपुर के भाजपा सांसद रवि किशन शुक्ला ने दी है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर से प्रयागराज और प्रयागराज से गोरखपुर के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
सांसद द्वारा इस संबंध में रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया था। उनके पत्र के क्रम में रेलवे बोर्ड को बीते 8 दिसम्बर को औपचारिक प्रस्ताव प्रेषित कर दिया गया है। रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिलते ही उक्त इंटरसिटी ट्रेन का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। सांसद ने कहा कि गोरखपुर-प्रयागराज इंटरसिटी ट्रेन क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे पूरा कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है।
रन थ्रू गाड़ियों से यात्रियों को सतर्क करेगा रेलवे
वहीं बस्ती, चौरीचौरा, सहजनवा समेत पांच दर्जन से अधिक स्टेशनों पर अब ट्रेन आने की उद्घोषणा के साथ एक और आवाज सुनाई देगी। ऐसे स्टेशनों पर रन थ्रू (न रुकने वाली) ट्रेनों के बारे में रेलवे यात्रियों को अलर्ट करेगा। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार छोटे रेलवे स्टेशनों पर भी तेज रफ्तार से बिना रुके गुजरने वाली ट्रेनों की पहले से जानकारी दी जाएगी। यात्रियों को यह सूचना हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में दी जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मण्डल में जल्द ही यह नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। लखनऊ मंडल में सहजनवा, बभनान, टिनिच और वाराणसी मण्डल में चौरीचौरा, सरदारनगर आदि ऐसे स्टेशन हैं, जहां कुछ सुपरफास्ट ट्रेनें नहीं रुकती हैं।
दुर्घटनाओं में आएगी कमी
छोटे स्टेशनों पर कई ट्रेन का स्टॉपेज नहीं होता है। यात्री अक्सर प्लेटफॉर्म के बहुत पास खड़े हो जाते हैं या जल्दी में रेल ट्रैक पार करने लगते हैं, जिससे ट्रेनों की चपेट में आ जाते हैं। नई व्यवस्था के तहत ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने से लाउडस्पीकर पर कुछ मिनट पहले ही उद्घोषणा की जाएगी। इसमें यात्रियों को सतर्क रहने, ट्रैक पार न करने, प्लेटफॉर्म के किनारे न खड़े होने और फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने जैसी सलाह दी जाएगी। रेलवे का मानना है कि इस कदम से छोटे स्टेशनों पर दुर्घटनाओं में कमी आएगी। और यात्रियों की सुरक्षा बेहतर होगी।
वैशाली एक्सप्रेस नहीं रुकती है चौरीचौरा में
ललित ग्राम से गोरखपुर होते हुए नई दिल्ली तक जाने वाली वैशाली एक्सप्रेस चौरीचौरा, सरदारनगर, जबकि गोरखपुर से बठिंडा तक जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस सहजनवा और टिनिच स्टेशनों पर नहीं रुकती है। इनके समेत अन्य छोटे स्टेशनों पर भी उद्घोषणा की जाएगी।




साइन इन