गुड न्यूज: नए साल में यूपी के इस जिले में बनेगा एक और फोरलेन, जुड़ेंगे दो राष्ट्रीय राजमार्ग
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड ने प्रारंभिक आगणन तैयार करते हुए रिपोर्ट शासन को भेजी है। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता ने बताया कि 29.700 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य 337.63 करोड़ रुपए से होगा। 154 करोड़ की लागत से बरियावन में फ्लाईओवर और सुल्तानगढ़ में दो लेन का दीर्घ सेतु बनाया जाएगा।

यूपी के अम्बेडकरनगर जिले को नए साल में एक और फोरलेन सड़क की सौगात मिलने वाली है। नॉर्थ साउथ कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत एनएच 135 ए और एनएच 233 को आपस में जोड़ने के लिए टांडा बरियावन सुल्तानगढ़ पट्टी बाजार से सुरहुरपुर तक 29.700 किलोमीटर सड़क फोरलेन बनाई जाएगी। इस पर कुल 701.77 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। पीडब्ल्यूडी में इसके लिए प्रारंभिक आगणन शासन को भेज दिया है। इस परियोजना के तहत बरियावन बाजार चौराहे पर एक फोरलेन फ्लाईओवर का निर्माण भी किया जाएगा।
प्रदेश सरकार की तरफ से यूपी में पांच नॉर्थ साउथ कॉरिडोर को बनाने का निर्णय लिया गया है उसमें एक अम्बेडकरनगर में भी बनने को उम्मीद है। इस योजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 233 वाराणसी से बस्ती और राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 135 ए अम्बेडकरनगर से जौनपुर दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच में नॉर्थ साउथ कॉरिडोर परियोजना के तहत टांडा बरियावन सुल्तानगढ़ पट्टी बाजार से सुरहुरपुर तक 29.700 किलोमीटर सड़क को फोरलेन किया जाएगा।
इससे दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग आपस में आसानी से जुड़ सकें और इससे आवागमन भी सुगम होगा। एमएलसी हरिओम पांडे के प्रयास से पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड ने प्रारंभिक आगणन तैयार करते हुए रिपोर्ट शासन को भेजी है। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता अश्वनी पांडे ने बताया कि 29.700 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य 337.63 करोड़ रुपए से होगा। 154 करोड़ की लागत से बरियावन में फ्लाईओवर और सुल्तानगढ़ में दो लेन का दीर्घ सेतु बनाया जाएगा।
सुरहुपुर बाजार के पास बनेगा 1.900 किलोमीटर का फोरलेन बाईपास
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड अश्वनी पांडे ने बताया कि नॉर्थ जोन कॉरिडोर को राष्ट्रीय राजमार्ग 135 ए अम्बेडकरनगर जौनपुर से जोड़ने के लिए सुरहुरपुर बाजार में एक 1.900 किलोमीटर का फोरलेन बाईपास बनाया जाएगा। जिससे आसानी से दोनों सड़कों को जोड़ा जा सके। इस बारे में एमएलसी हरिओम पांडे का कहना है कि जिले में सड़कों का जाल बिछ रहा है। जनपद के ऊपर मुख्यमंत्री की विशेष कृपा है। जिसके चलते जल्द ही नॉर्थ जोन कॉरिडोर के तहत फोरलेन सड़क की स्वीकृति मिलेगी।




साइन इन